शिवपुरी। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर कृषि विभाग द्वारा जिले में उर्वरक, बीज एवं कीटनाशक की गुणवत्ता तथा पारदर्शी विक्रय व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उप संचालक कृषि मुनेश कुमार शाक्य एवं जिला स्तरीय दल ने विकासखंड करैरा में विभिन्न कृषि आदान विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। अनियमितताएं मिलने पर ग्राम बासगढ़ स्थित एक प्रतिष्ठान को सील कर दिया गया, जबकि चार प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।
निरीक्षण के दौरान मैसर्स रावत ट्रेडर्स, प्रो. जितेन्द्र पाल, ग्राम बासगढ़ के प्रतिष्ठान पर गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर उसे तत्काल प्रभाव से सील किया गया। वहीं मैसर्स जैन कृषि मंदिर, प्रो. अभिषेक जैन, मैसर्स गैडा एजेंसी, प्रो. मयूर गैडा, मैसर्स वीरेन्द्र कुमार विवेक कुमार गुप्ता, प्रो. वीरेन्द्र कुमार तथा मैसर्स रावत कृतिका एजेंसी के प्रतिष्ठानों पर अनियमितताएं मिलने पर कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
किसानों को एनपीके एवं कॉम्प्लेक्स उर्वरकों के उपयोग की सलाह
उप संचालक कृषि मुनेश कुमार शाक्य ने बताया कि वर्तमान में रबी सीजन के लिए किसान उर्वरकों का उठाव कर रहे हैं। उन्होंने उर्वरक विक्रेताओं को निर्देश दिए हैं कि डीएपी के विकल्प के रूप में किसानों को एनपीके एवं कॉम्प्लेक्स उर्वरकों के उपयोग के लिए प्रेरित करें। साथ ही किसानों से रबी फसलों में अनुशंसित मात्रा के अनुसार ही उर्वरकों का प्रयोग करने की अपील की गई है।
अधिकृत विक्रेताओं से ही खरीदें कृषि आदान
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि खाद, बीज एवं कीटनाशक केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खरीदें और प्रत्येक खरीद पर पक्का बिल अवश्य लें। बिना बिल के कृषि आदान सामग्री न खरीदें। किसी प्रतिष्ठान पर अमानक, संदिग्ध या नकली सामग्री के विक्रय की जानकारी मिलने पर इसकी सूचना तत्काल निकटतम कृषि कार्यालय को दें। कृषि विभाग ने बताया कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान सामग्री उपलब्ध कराने और पारदर्शी विक्रय व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।







