शिवपुरी। पिछोर विधानसभा क्षेत्र में जमीन एवं स्वामित्व अधिकारों से जुड़ी समस्याओं को लेकर नगर कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता 'जीतू भैया' ने मुख्यमंत्री के नाम पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने वास्तविक कब्जेदारों एवं पात्र हितग्राहियों के अधिकारों की जांच कर राजस्व अभिलेखों में आवश्यक सुधार किए जाने की मांग उठाई है।
जितेंद्र गुप्ता ने कहा कि क्षेत्र के किसान, व्यापारी और आम नागरिकों को उनके जमीन संबंधी अधिकार निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से मिलना चाहिए। उन्होंने संबंधित राजस्व रिकॉर्ड की जांच कराने, दोषपूर्ण प्रविष्टियों में सुधार करने तथा मामले में जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़ी समस्याओं को सामने लाना और उनके समाधान के लिए आवाज उठाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर पात्र लोगों को उनके अधिकार दिलाने की मांग की है।







