हैप्पी डेज स्कूल ने जीती दून ट्रॉफी, फाइनल में सेंट बेनेडिक्ट को 4-3 से हराया
शिवपुरी। दून पब्लिक स्कूल में पहली बार आयोजित दो दिवसीय अंडर-14 इंटर-स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। खिताबी मुकाबले में हैप्पी डेज स्कूल की टीम ने सेंट बेनेडिक्ट स्कूल को 4-3 से हराकर दून ट्रॉफी अपने नाम की। टूर्नामेंट में आठ स्कूलों की टीमों ने हिस्सा लिया।
फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अंत तक कड़ा संघर्ष किया। मुकाबला बराबरी की ओर बढ़ रहा था, तभी खेल समाप्त होने से करीब दो मिनट पहले हैप्पी डेज स्कूल के कान्हा सेन ने शानदार फ्री-किक पर गोल कर अपनी टीम को निर्णायक बढ़त दिला दी। इसके साथ ही हैप्पी डेज स्कूल ने 4-3 से मुकाबला जीतकर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।
दो दिवसीय प्रतियोगिता में आठ स्कूलों की टीमों ने नॉकआउट आधार पर मुकाबले खेले। इनमें हैप्पी डेज स्कूल, सेंट बेनेडिक्ट स्कूल, बाल शिक्षा निकेतन और ईस्टर्न हाइट स्कूल सहित अन्य स्कूलों की टीमों ने भाग लिया। कड़े मुकाबलों के बाद हैप्पी डेज स्कूल और सेंट बेनेडिक्ट स्कूल ने फाइनल में जगह बनाई।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि ब्लॉक खेल अधिकारी विवेक वर्धन शर्मा ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन और शारीरिक फिटनेस के लिए खेलों का महत्वपूर्ण योगदान है। रेडिएंट ग्रुप के डायरेक्टर शाहिद खान ने खिलाड़ियों को टीम भावना, खेल भावना और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
दून पब्लिक स्कूल की डायरेक्टर डॉ. खुशी खान ने प्रतियोगिता में शामिल सभी स्कूलों, कोचों और प्रबंधन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने भविष्य में प्रतियोगिता को और बड़े स्तर पर आयोजित करने की बात कही। प्रतियोगिता का सफल आयोजन दून पब्लिक स्कूल के कोच समी खान के मार्गदर्शन में हुआ। विभिन्न स्कूलों के कोचों ने स्कूल के खेल मैदान और आयोजन की व्यवस्थाओं की सराहना की।

.jpeg)







