-फतेहपुर प्राथमिक शाला में आयोजित शिविर में पात्र हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ, कलेक्टर अर्पित वर्मा ने छात्रों के साथ किया सहभोज
अनुसूचित जाति अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत विनीता लोधी एवं रोहित चिड़ार को 2.50 लाख रुपए की स्वीकृत राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। संत रविदास योजना के तहत शिवपुरी निवासी नरेंद्र शाक्य को ई-रिक्शा के माध्यम से स्वरोजगार स्थापित करने के लिए 1.95 लाख रुपए की स्वीकृति एवं प्रमाण पत्र दिया गया। छात्रावास के विशेष आवश्यकता वाले दिव्यांग छात्रों की मांग पर क्रिकेट किट, फुटबॉल एवं बैडमिंटन सामग्री भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक देवेंद्र जैन ने महात्मा गांधी एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों पर प्रकाश डालते हुए समाज में समानता, शिक्षा, संगठन और आत्मसम्मान के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती, महात्मा गांधी एवं बाबा साहब अंबेडकर के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
अस्पृश्यता के खिलाफ कानूनों की दी जानकारी
शिविर में जिलाध्यक्ष जसमंत जाटव ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 17 के तहत अस्पृश्यता को दंडनीय अपराध बताते हुए मंदिरों एवं सार्वजनिक स्थानों पर प्रवेश से रोकने संबंधी कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने 1955 के अस्पृश्यता उन्मूलन अधिनियम, 1976 के संशोधन, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम 1989 तथा सिविल अधिकार संरक्षण अधिनियम के संबंध में भी बताया।
कलेक्टर ने छात्रों के साथ किया सहभोज
कार्यक्रम के दौरान विधायक देवेंद्र जैन, कलेक्टर अर्पित वर्मा सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने शासकीय प्राथमिक विद्यालय फतेहपुर के छात्रों के साथ सहभोज किया। इस दौरान कलेक्टर ने बच्चों से उनकी पढ़ाई, खेलकूद और विद्यालय की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन बनाए रखने और जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, जनपद पंचायत शिवपुरी अध्यक्ष हेमलता रावत, पूर्व जिलाध्यक्ष राजू बाथम, मुन्नालाल कुशवाह, पार्षद सुधीर आर्य, जिला महामंत्री लवलेश जैन चीनू, जिला महामंत्री योगेन्द्र जैन बंटी भैया, जिला संयोजक जनजाति कार्य विभाग महेन्द्र कुमार श्रीवास्तव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।







