काली मिट्टी से हुई फिसलन के कारण चलना हुआ दूभर
शिवपुरी। शहर में वर्षों से चल रही सीवेज खुदाई के कारण जर्जर हुई सड़कों का दर्द अभी भी शहरवासियों को भुगतना पड़ रहा है। वार्ड क्रमांक 37 में शिक्षा भारती बाल निकेतन स्कूल शिव मंदिर टॉकीज के पीछे तक जाने वाले मार्ग में सीवेज लाइन के लिए खुदाई की गई थी, लेकिन इसके बाद इस मार्ग को नहीं बनाया गया जिसके कारण पहली बारिश में ही इस मार्ग से निकलना लोगों के लिए दूभर हो गया है और लोग अपने-अपने घरों में कैद होकर रहे गए हैं। खासबात यह है कि उक्त मार्ग शिक्षा भारती बाल निकेतन स्कूल के लिए जाता है जिससे इस मार्ग से सैंकड़ों बच्चों का आना-जाना होता है। मार्ग पर दलदल होने के कारण बच्चे गिरते-उठते स्कूल पहुंच रहे हैं क्योंकि काली मिट्टी के कारण फिसलन बढ़ गई है। कई बच्चों के तो जूते-चप्पलें तक टूट चुके हैं जिसके कारण उन्हें रास्ते से ही घर लौटना पड़ता है। स्थानीय लोग भी रास्ते में अधिक पानी भरे होने के कारण घरों में कैद होकर रह गए हैं।
पार्षद से लेकर नपाध्यक्ष तक लगा चुके हैं गुहार
वार्डवासियों का कहना है कि इस संबंध में वह कई बार वार्ड पार्षद से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन वह कोई सुनवाई नहीं करती। इसके अलावा नपाध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह के घर से लेकर कार्यालय तक चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन उनके द्वारा आज तक वार्डवासियों की समस्या का समाधान नहीं कराया गया है।
सड़क पास होने की बात कहकर चलता कर दिया जाता है
वार्डवासियों का कहना है कि जब वह नगरपालिका के अधिकारियों के यहां जाते हैं तो उनका कहना है कि उनकी सड़क पास हो चुकी है सिर्फ टेंडर होना बाकी है। खासबात यह है कि इस तरह का आश्वासन वार्डवासियों को महीनों से मिल रहा है, लेकिन बरसात आ गई फिर भी उनकी समस्या जस की तस बनी हुई है और अब उन्हें इस परेशानी से दो-चार होना पड़ रहा है।








