-माधवराव सिंधिया खेल परिसर में 8 टीमें लेंगी हिस्सा, जनजागरूकता गतिविधियां भी होंगी आयोजित
शिवपुरी। वनाग्नि सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वन विभाग द्वारा जिला स्तर पर टेनिस बॉल टी-10 सुपर नॉकआउट क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 21 एवं 22 मार्च 2026 को माधवराव सिंधिया खेल परिसर में संपन्न होगा।
वनमंडलाधिकारी सुधांशु यादव एवं प्रभारी उपवनमंडलाधिकारी नीरज निश्चल के मार्गदर्शन में पहले परिक्षेत्र स्तर पर वन सुरक्षा समितियों के बीच क्रिकेट प्रतियोगिताएं आयोजित कर चयन प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
इस टूर्नामेंट में शिवपुरी, सतनवाड़ा, पोहरी, कोलारस, करेरा, पिछोर एवं बदरवास सहित कुल 8 टीमें भाग लेंगी, जो सुपर नॉकआउट प्रारूप में मुकाबला करेंगी।
आयोजन के दौरान वनाग्नि सुरक्षा की शपथ दिलाई जाएगी तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े जनजागरूकता संदेश भी प्रसारित किए जाएंगे। साथ ही विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को वन एवं वन्य प्राणियों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। वन विभाग ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें तथा आयोजन को सफल बनाने के साथ-साथ वन संरक्षण में अपनी सहभागिता निभाएं।







