शिवपुरी। टीवी मुक्त भारत टीम कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा द्वारा ऑनलाइन प्रसारण के माध्यम से किया गया। कार्यक्रम का जिला स्तरीय सीधा प्रसारण जनपद पंचायत शिवपुरी के सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा यादव के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर पोहरी, कोलारस और शिवपुरी विकासखंड की 56 टीवी मुक्त ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा यादव ने कहा कि शिवपुरी जिले में टीवी मुक्त जिला बनाने की दिशा में सराहनीय कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि टीवी रोगियों को बेहतर उपचार और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार द्वारा विकासखंड स्तर पर टीवी मुक्त भारत टीम का गठन किया जाना महत्वपूर्ण पहल है। इन टीमों में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों, खंड चिकित्सा अधिकारियों, एनसीसी कैडेट्स एवं सामाजिक संस्थाओं को शामिल किया गया है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषीश्वर ने बताया कि टीवी मुक्त भारत कार्यक्रम के अंतर्गत ब्लॉक स्तरीय टीवी निक्षय टीम को केंद्र स्तर से 8 जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इनमें टीवी मरीजों के उपचार एवं दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना, फूड बास्केट का वितरण, टीवी रोगियों के निकट संपर्क में रहने वाले लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण, जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करना तथा सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित करना प्रमुख है।
जिला क्षय अधिकारी डॉ. प्रदीप शर्मा ने जिले में टीवी मुक्त जिला बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में 347 निक्षय मित्र बनाए गए हैं। इनके माध्यम से टीवी रोगियों के पोषण आहार के लिए अब तक 3812 पोषण आहार किट वितरित की जा चुकी हैं। इसके अलावा सूचीबद्ध टीवी रोगियों को प्रतिमाह 1000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में जमा की जा रही है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 से अब तक जिले में 4 लाख 94 हजार 199 लोगों की जांच की गई, जिसमें 3181 टीवी रोगियों की पहचान कर उनका उपचार किया जा रहा है। वहीं 64 हजार 810 संभावित टीवी रोगियों के चेस्ट एक्स-रे कराए गए हैं। जिले में 9 टीवी यूनिट स्थापित हैं। तकनीकी जांच के लिए 3 हैंड-हेल्ड एक्स-रे मशीन, 3 सीबीनैट मशीन और 12 टूनेट मशीन उपलब्ध हैं। कार्यक्रम में पोहरी, कोलारस एवं शिवपुरी विकासखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं सचिव उपस्थित रहे। इनमें से 56 ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों को टीवी मुक्त ग्राम पंचायत के रूप में सम्मानित किया गया।







