अधीक्षकों ने कहा—शैक्षणिक सत्र के बीच स्थानांतरण से प्रभावित होगी विद्यार्थियों की पढ़ाई
शिवपुरी। जिले के छात्रावास एवं आश्रम अधीक्षकों की एक सामान्य बैठक बुधवार, 7 अक्टूबर 2026 को आयोजित की गई। बैठक में जनजातीय कार्य विभाग द्वारा 7 वर्ष से अधिक समय से अधीक्षक पद पर कार्यरत अधीक्षकों से शिक्षक पद पर नियुक्ति के लिए स्वैच्छिक आवेदन पत्र भराए जाने के संबंध में चर्चा की गई। अधीक्षकों ने इस प्रक्रिया का विरोध करते हुए आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग, भोपाल के नाम जिला संयोजक, जनजातीय कार्य विभाग शिवपुरी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में अधीक्षकों ने बताया कि वे लंबे समय से छात्रावास एवं आश्रमों में रहकर विद्यार्थियों की देखरेख, अनुशासन, शिक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। ऐसे में 7 वर्ष से अधिक समय से अधीक्षक पद पर कार्यरत कर्मचारियों को शिक्षक पद पर भेजे जाने की प्रक्रिया से छात्रावासों की व्यवस्थाएं प्रभावित हो सकती हैं। अधीक्षकों का कहना है कि यदि शैक्षणिक सत्र के बीच उनका स्थानांतरण किया जाता है तो छात्रावासों में रह रहे विद्यार्थियों की पढ़ाई पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने विभाग से मांग की कि विद्यार्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए ऐसी किसी भी प्रक्रिया को शैक्षणिक सत्र के बीच लागू नहीं किया जाए तथा अधीक्षकों की समस्याओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाए। ज्ञापन सौंपते समय जिला शिवपुरी के छात्रावास एवं आश्रम शाला के अधीक्षक उपस्थित रहे।








