-उत्साह और अनुशासन के साथ पहले दिन ऊंची कूद, चक्का फेंक सहित बाधादौड़ के खिताबी मुकाबले हुए आयोजित
शिवपुरी। शहर के श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल परिसर में बुधवार से शुरू हुई 70 वी राज्य स्तरीय 17 वर्षीय बालक-बालिका एथलेटिक्स प्रतियोगिता के दूसरे दिन गुरूवार को विभिन्न दौड़ सहित कूद व फेंक वर्ग के विभिन्न मुकाबले आयोजित किए गए। हीट स्टेज के बाद फायनल मुकाबले भी आयाजित हुए। इस दौरान मैदान पर 10 संभागों से आए खिलाडिय़ों व कोच सहित दर्शकों ने उत्साह और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता का लुत्फ उठाया। जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव के मार्गदर्शन और जिला क्रीड़ा अधिकारी चंद्रशेखर बेमटे के निर्देशन में विभिन्न समितियों के सदस्यों ने पूरे आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया। गुरूवार को आयोजित हुए मुकाबलों में बीआरसीसी अंगद सिंह तोमर, बीईओ मनोज निगम, समिति सदस्य एवं कोच अजय बाथम, मनोज गुप्ता, कपिल दुबे, संस्कार मिश्रा, विनय रावत, दीपक मांझी, अभिषेक सक्सेना, बसंत शर्मा, ओपी शर्मा, विवेक वर्धन शर्मा, राजू जाट, राघवेन्द्र रघुवंशी आदि का सराहनीय योगदान रहा। गुरूवार को बालक वर्ग 100 मीटर दौड़ में के खिताबी मुकाबले में भोपाल के अर्णव श्रीवास्तव ने 11.67 सेकेण्ड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया जबकि उज्जैन के हर्ष माहेश्वर ने 11.72 सेकेण्ड में व ग्वालियर के धार्मिक रघुवंशी ने 11.87 सेकेण्ड में दौड़ पूरी क्रमश: दूसरा व तीसरा स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग में उज्जैन की मनस्वी तिवारी ने 13.37 सेकेण्ड में दौड़ पूरी कर पहले पायदान पर रहीं जबकि इंदौर की स्तुति जैसवाल 13.47 सेकेण्ड के साथ दूसरे व ग्वालियर की आशी कसेरा 13.92 सेकेण्ड के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। गुरूवार को फायनल मुकाबलों में अव्वल आने वाले खिलाडिय़ों को देर शाम मेडल भी वितरित प्रदान किए गए।
1.86 मीटर ऊंची कूद लगाकर तुषार बने सिरमौर
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के प्रचार-प्रसार प्रभारी नीरज सरैया ने बताया कि ऊंची कूद के फायनल मुकाबले में उज्जैन के तुषार ने 1.86 मीटर ऊंचाई हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया जबकि 1.83 मीटर के साथ नर्मदापुरम के सूर्यांश राय दूसरे व 1.80 मीटर के ग्वालियर के लक्ष्य अग्रवाल तीसरे फायदान पर रहे, वहीं बालिका वर्ग में भोपाल की श्रद्धा सोनी ने 1.49 मीटर उछलकर पहला जबकि जनजातीय कार्य विभाग की भारती सेंगर ने 1.46 मीटर के साथ दूसरा व जबलपुर की प्रतिभा भालवीय ने 1.40 मीटर के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। गुरूवार को चक्का फेंक के भी खिताबी मुकाबले आयोजित हुए जिसमें शहडोल के रंजीत सिंह ने 28.55 मीटर चक्का फेंककर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। जबकि रीवा के सहयोग पाठक 28.41 मीटर के साथ दूसरे व ग्वालियर के प्रशांत खटीक 28.13 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे। बालिकाओं की बात करें तो भोपाल की मीनाक्षी शिवाई ने 30.98 मीटर दूर चक्का फेंककर पहला स्थान हासिल किया। जबकि भोपाल की पीहू रघुवंशी 29.98 मीटर के साथ दूसरे जबकि इंदौर की सेजल अमलीयार 25.18 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। शुक्रवार को भी एथलेटिक्स के कई खिताबी मुकाबले खेले जाएंगे।












