-पीडि़त ने पुलिया से लगाई न्याय की गुहार
शिवपुरी। शहर में एटीएम कार्ड बदलकर बुजुर्ग के बैंक खाते से हजारों रुपये निकालने का मामला सामने आया है। पुरानी शिवपुरी निवासी 62 वर्षीय लल्लाराम कुशवाह ने कोतवाली थाने में शिकायत देकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार 3 अक्टूबर को दोपहर करीब 1 बजे लल्लाराम कल्ला पान वाले के पास स्थित एसबीआई के एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे थे। एटीएम के अंदर मौजूद एक व्यक्ति ने मदद करने के बहाने मशीन में छेड़छाड़ की और बार-बार बटन दबाए। कुछ देर बाद वह व्यक्ति वहां से चला गया। इसके बाद लल्लाराम ने एटीएम से रुपये निकालने का प्रयास किया, लेकिन उनका कार्ड काम नहीं कर रहा था।
संदेह होने पर उन्होंने अपने पुत्र नवीन कुशवाह को बुलाया। नवीन ने एटीएम कार्ड देखा तो पता चला कि कार्ड बदल दिया गया है। इसके बाद बैंक में पासबुक की एंट्री कराने पर पता चला कि खाते से 24,500 रुपये नकद निकाले गए, जबकि 14,173 रुपये की स्मार्ट प्वाइंट पर खरीदारी की गई है। इस तरह कुल 38,673 रुपये की राशि खाते से निकल गई। पीडि़त ने पुलिस को दिए आवेदन में एटीएम में मौजूद अज्ञात व्यक्ति पर कार्ड बदलने का आरोप लगाते हुए आरोपी की पहचान के लिए एटीएम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराने तथा राशि वापस दिलाने की मांग की है।







