सतनवाड़ा के यूआईटी कॉलेज में गहमागहमी, कपिल गुर्जर के नेतृत्व में छात्र नेताओं ने जताया विरोध
शिवपुरी। यूआईटी कॉलेज सतनवाड़ा में बुधवार को शिक्षक एवं छात्र सम्मान के मुद्दे को लेकर माहौल गरमा गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय छात्र संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं पर विद्यार्थियों के साथ अनुचित व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
मामले की जानकारी मिलते ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कपिल गुर्जर के नेतृत्व में छात्र नेता एवं कार्यकर्ता कॉलेज परिसर पहुंचे और जोरदार विरोध दर्ज कराया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “एनएसयूआई मुर्दाबाद” के नारे लगाए तथा छात्र-छात्राओं के सम्मान एवं कॉलेज की गरिमा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। प्रदर्शन के दौरान दोनों संगठनों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए, जिससे कॉलेज परिसर में काफी देर तक गहमागहमी की स्थिति बनी रही। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्र नेताओं ने कहा कि शिक्षक एवं छात्र सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं के विरोध में नारेबाजी करते हुए उन्हें कॉलेज परिसर से बाहर जाने के लिए कहा। इसके बाद राष्ट्रीय छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं के बाहर जाने पर स्थिति शांत हुई।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कपिल गुर्जर ने कहा कि शिक्षक हमारे मार्गदर्शक हैं और प्रत्येक छात्र-छात्रा का सम्मान हमारी प्राथमिकता है। कॉलेज परिसर में किसी भी विद्यार्थी के साथ अनुचित व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिक्षक सम्मान और छात्र सम्मान के लिए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हमेशा मजबूती से आवाज उठाती रहेगी। प्रदर्शन के दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के आयुष दुबे, अखिलेश धाकड़, शैलेंद्र धाकड़ एवं पीयूष रावत सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।







