रेंज ऑफिसर शुभ जैन ने विद्यार्थियों को दिया पर्यावरण संरक्षण और समावेशी विकास का संदेश
शिवपुरी। माधव टाइगर रिजर्व की मध्य रेंज द्वारा वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह के अवसर पर नगर के दून पब्लिक स्कूल में विभिन्न रचनात्मक एवं बौद्धिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि माधव टाइगर रिजर्व की रेंज ऑफिसर शुभ जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पर्यावरण एवं वन्यजीव संरक्षण के साथ समावेशी विकास की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। पाम आर्ट प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने हथेलियों पर वन्यजीवों के आकर्षक चित्र बनाकर संरक्षण का संदेश दिया। इसमें कृतिक रजक और उम्मेहनी ने पुरस्कार प्राप्त किए।
‘पर्यावरण संरक्षण या विकास’ विषय पर आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में सिमरन कौर, यशिका लोधी, अरण्या रघुवंशी और पलक पराशर की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं स्टोन आर्ट प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पत्थरों पर आकर्षक कलाकृतियां बनाकर वन विभाग की टीम को भी प्रभावित किया। इसमें उम्मेहआनी ने प्रथम तथा प्रणय कुमार ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में पलक लोधी ने प्रथम, यशिका चौधरी ने द्वितीय और यशस्वी भारद्वाज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। नैन्सी बघेल को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि रेंज ऑफिसर शुभ जैन ने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सफल आयोजन के लिए दून पब्लिक स्कूल प्रबंधन की सराहना की। कार्यक्रम के शुभारंभ पर दून पब्लिक स्कूल की डायरेक्टर डॉ. खुशी खान ने अतिथियों का पुस्तकों भेंटकर स्वागत किया। कार्यक्रम का संयोजन वर्षा खरे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन डायरेक्टर शाहिद खान ने किया।







