शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोर्ट रोड में एक माह तक चला व्यावसायिक प्रशिक्षण
शिवपुरी। नगर के कोर्ट रोड स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोर्ट रोड शिवपुरी में 1 मई से संचालित ब्यूटी एंड वैलनेस ट्रेड के व्यावसायिक शिक्षा अंतर्गत ऑन-द-जॉब प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को सौंदर्य एवं वेलनेस क्षेत्र की व्यावहारिक जानकारी प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार के लिए सक्षम एवं आत्मनिर्भर बनाना रहा।
विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती प्रेमलता गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन तथा ब्यूटी एंड वैलनेस प्रशिक्षिका श्रीमती प्रेमलता जैन की देखरेख में विद्यालय की लगभग 60 छात्राओं ने नगर के विभिन्न ब्यूटी पार्लरों में प्रशिक्षण प्राप्त किया।
प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को ब्यूटी पार्लर संचालन, सौंदर्य व्यवस्थापन, ग्राहक सेवा, पार्लर प्रबंधन तथा स्वरोजगार स्थापना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। प्रशिक्षिका एवं ब्यूटी पार्लर संचालिकाओं ने छात्राओं को इस क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार एवं व्यवसाय की संभावनाओं से अवगत कराते हुए आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
समापन अवसर पर प्राचार्य श्रीमती प्रेमलता गुप्ता तथा ट्रेड के राज्य स्तरीय समन्वयक ने वीडियो कॉल के माध्यम से छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे छात्राओं में कौशल विकास के साथ-साथ आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना का विकास हो सके।
प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली छात्राएं कार्यक्रम को लेकर उत्साहित नजर आईं और उन्होंने इसे अपने भविष्य के लिए उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया। विद्यालय प्रबंधन ने प्रशिक्षण के सफल आयोजन पर सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।







