शहर में दुर्घटनाएं रोकने प्रतिबंधित क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर होगी सख्ती, यातायात प्रभारी रणवीर सिंह यादव के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
शिवपुरी। शहर में नो एंट्री के बावजूद प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने वाले भारी वाहनों के खिलाफ यातायात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 वाहनों को जब्त किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यातायात पुलिस ने आईटीआई तिराहा, फॉरेस्ट चुंगी फतेहपुर रोड एवं भूत पुलिया क्षेत्र से इन भारी वाहनों को पकड़कर थाने पहुंचाया। अब वाहनों के विरुद्ध चालानी एवं न्यायालयीन कार्रवाई की जाएगी।
यातायात प्रभारी रणवीर सिंह यादव ने बताया कि उक्त तीनों स्थानों पर यातायात पुलिस के नियमित पॉइंट नहीं होने के कारण भारी वाहन इन रास्तों से शहर में प्रवेश कर जाते हैं। यातायात पुलिस द्वारा पूर्व में भी नो एंट्री का उल्लंघन करने वाले भारी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाती रही है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि शहर में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए प्रतिबंधित क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण रोक सुनिश्चित की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







