जिला पंचायत सीईओ विजय राज सिंह भी रहे मौजूद, बीपीएल सूची में नाम जुड़ने से लेकर आधार कार्ड और नामांतरण तक के मामलों का हुआ समाधान
शिवपुरी। तहसील पिछोर की खोड़ उपतहसील कार्यालय में मंगलवार को जिला प्रशासन द्वारा वृहद जनसुनवाई शिविर आयोजित किया गया। शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन की मौजूदगी में आयोजित इस शिविर में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा तथा जिला पंचायत सीईओ विजय राज सिंह ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी शिकायतें और आवेदन लेकर पहुंचे। कलेक्टर ने एक-एक आवेदक की समस्या गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही निराकरण कराया, जबकि शेष आवेदनों के लिए संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए।
विधायक देवेंद्र जैन की मौजूदगी में ग्रामीणों को मिली राहत
शिविर में विधायक देवेंद्र जैन की उपस्थिति में ग्रामीणों ने राजस्व, नामांतरण, बिजली, पानी, कब्जा, अतिक्रमण, राशन, बीपीएल कार्ड, पेंशन और सहकारिता सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं रखीं। विधायक एवं कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान को लेकर अधिकारियों से चर्चा की। प्रशासन की इस पहल से ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर लगाने से राहत मिली।
तीन हितग्राहियों के नाम बीपीएल सूची में जोड़े
जनसुनवाई में बीपीएल सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन करने वाले खोड़ निवासी कोमल प्रसाद, शेरगढ़ निवासी रामदेवी प्रजापति और चंदावनी निवासी लीला आदिवासी के नाम पात्रता के आधार पर तत्काल बीपीएल सूची में जोड़े गए। लीला आदिवासी को बीपीएल सूची में नाम जुड़ने के साथ ही आहार अनुदान योजना का लाभ भी दिलाया गया।
जुड़वां बेटियों के आधार कार्ड की समस्या सुलझी
शिविर में अपनी जुड़वां बेटियों रिद्धि और सिद्धि लोधी के आधार कार्ड बनवाने की समस्या लेकर पहुंचे पिता को भी राहत मिली। जांच में बड़ी बेटी रिद्धि का आधार कार्ड पहले से बना मिला, जिसे तत्काल प्रिंट करवाकर सौंप दिया गया। वहीं छोटी बेटी सिद्धि के आधार कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया मौके पर ही पूरी कराई गई।
वर्षों से लंबित नामांतरण का मौके पर निराकरण
ग्राम गणेशखेड़ा निवासी नरेंद्र सिंह लोधी ने नामांतरण संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम और तहसीलदार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नामांतरण दर्ज कराया। शिविर में समस्याओं का मौके पर समाधान मिलने से आवेदकों ने प्रसन्नता जताते हुए जिला प्रशासन की पहल की सराहना की।








