अशासकीय विद्यालयों के प्रभारियों की बैठक आयोजित, ड्रॉपबॉक्स खाली नहीं करने पर होगी कार्रवाई, 17 स्कूलों को कारण बताओ नोटिस
बदरवास। वन नेशन-वन स्टूडेंट योजना के तहत विद्यार्थियों की अपार आईडी तैयार करने और यू-डाइस के लंबित कार्यों को लेकर शनिवार को मॉडल स्कूल बदरवास में अशासकीय विद्यालयों के संस्था प्रभारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकासखंड शिक्षा अधिकारी राकेश शर्मा ने सभी विद्यालयों को यू-डाइस का कार्य दो दिवस के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार वन नेशन-वन स्टूडेंट योजना के अंतर्गत विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की ऑटोमेटेड परमानेंट एकेडमिक अकाउंट रजिस्ट्री (अपार) आईडी तैयार की जानी है। अपार आईडी 12 अंकों का विशिष्ट कोड है, जो विद्यार्थियों के आधार नंबर से लिंक रहेगा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को भविष्य में उच्च शिक्षा और नौकरी के दौरान शैक्षणिक रिकॉर्ड के सत्यापन एवं उपयोग में सुविधा मिलेगी। अपार आईडी तैयार करने के लिए विद्यार्थियों के नाम, पिता का नाम, माता का नाम, जन्मतिथि, लिंग और आधार नंबर सहित प्रमाणिक जानकारी आवश्यक है। इसके लिए विद्यार्थियों की चाइल्ड प्रोफाइल एंट्री पूर्ण होने के साथ आधार सत्यापन भी अनिवार्य है। जानकारी में त्रुटि होने पर निर्धारित प्रारूप एस-03 के माध्यम से सुधार के लिए आवेदन विकासखंड स्तर पर जमा करना होगा।
समय सीमा में कार्य पूरा नहीं करने पर होगी कार्रवाई
लोक शिक्षण संचालनालय एवं राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देशानुसार अपार आईडी का कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाना है। कलेक्टर शिवपुरी अर्पित वर्मा द्वारा भी इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। सभी संस्था प्रभारियों को समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के लिए कहा गया है। लापरवाही बरतने पर संबंधित संस्था प्रभारी स्वयं जिम्मेदार होंगे।
यू-डाइस का कार्य दो दिन में करें पूरा
विकासखंड शिक्षा अधिकारी राकेश शर्मा ने निर्देश दिए कि यू-डाइस के अंतर्गत विद्यालय, संस्था एवं चाइल्ड प्रोफाइल से संबंधित सभी कार्य दो दिवस के भीतर पूर्ण किए जाएं। इसके साथ ही ड्रॉपबॉक्स में दर्ज विद्यार्थियों की सूची प्रतिदिन ग्रुप में भेजी जा रही है। सभी विद्यालयों को ड्रॉपबॉक्स खाली करना अनिवार्य है।
ड्रॉपबॉक्स की स्थिति लिखित में जमा करें
बीआरसीसी अंगद सिंह तोमर ने बताया कि ड्रॉपबॉक्स में दर्ज विद्यार्थियों की स्पष्ट जानकारी और वर्तमान स्थिति लिखित रूप में जमा करनी होगी। इसके लिए सोमवार तक की समय सीमा निर्धारित की गई है। ड्रॉपबॉक्स के लंबित मामलों को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों ने नाराजगी जताई है। इसके अलावा बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) भी निर्धारित समय में पूरा कराने के निर्देश दिए गए। यू-डाइस और 3.0 पोर्टल पर विद्यार्थियों के नामांकन की संख्या में समानता होना अनिवार्य है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सोमवार तक कार्य पूर्ण नहीं होने पर संबंधित विद्यालयों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा मान्यता समाप्त करने का प्रस्ताव वरिष्ठ कार्यालय को भेजा जाएगा। बैठक में अनुपस्थित रहे 17 विद्यालयों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए जा रहे हैं। जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर वरिष्ठ कार्यालय को कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा।
बैठक में चंद्रवीर सेंगर, संजीव भार्गव, कमलेश गुप्ता, कमल कुशवाहा, सेवक चंदेल एवं ललित यादव उपस्थित रहे। विभिन्न कार्यों को लेकर ललित यादव एवं गोवर्धन रजक द्वारा संस्था प्रभारियों को प्रशिक्षण भी दिया गया। अधिकारियों ने सभी विद्यालयों को निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।








