-नेटबाल में भी ग्वालियर के बेटे व बेटियों ने सागर को एकतरफ हराया
शिवपुरी। शहर में जारी 70वी राज्य स्तरीय बालिका क्रिकेट व बालक-बालिका नेटबाल प्रतियोगिता के लीग मुकाबले रोमांच से भरपूर हो रहे हैं। कहीं नजदीकी मुकाबलों में जीत हासिल हो रही है तो कहीं प्रतिद्वंदी टीम इस कदर हावी हो रही है कि, दूसरी टीम को मैच में बने रहने तक का अवसर नहीं दे रही। रविवार को भी क्रिकेट व नेटबाल के करीब दर्जन भर मुकाबले जिला क्रीड़ा अधिकारी चंद्रशेखर बेमटे, नेशनल कोच यादवेंद्र चौधरी, पूर्व क्रीड़ा अधिकारी महेंद्र सिंह तोमर, अजय बाथम, मनोज गुप्ता सहित अन्य समिति सदस्यों के निर्देशन व स्टेट आफीशियल के मार्गदर्शन में आयोजित हुए। क्रिकेट मे मेजबान ग्वालियर का शानदार प्रदर्शन तीसरे दिन भी जारी रहा। पिछले मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाली दक्षिता यादव ने रविवार काे सागर के खिलाफ भी अपना आल राउंडर प्रदर्शन कर टीम को जीत दिलाई। ग्वालियर की टीम ने टास जीत कर पहले गेंदबाजी चुनी, मैदान पर बल्लेबाजी करने उतरी सागर की टीम 12 ओवर में महज 56 रन बना सकी। ग्वालियर की दक्षिता ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सागर के पांच खिलाड़ियों को पवेलियन लौटाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ग्वालियर की टीम ने महज 10 ओवर में एक विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। यहां भी दक्षिता ने सर्वाधिक 30 रन बनाए। उन्हें प्लेयर आफ द मैच चुना गया।
भोपाल ने रीवा को सौ रन से हराया
मैदान क्रमांक-1 पर ही प्रभारी अजय बाथम के निर्देशन में रीवा-भाेपाल के बीच मैच खेला गया, इसमें रीवा ने टास जीत कर गेंदबाजी चुनी। भोपाल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए, आर्या नायक के नाबाद 93 रनों के योगदान से 145 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जबाव में रीवा की टीम निर्धारित ओवर में 45 रन ही बना सकी। इस तरह भोपाल ने 100 रन से यह मैच जीत लिया। मैंच में अम्पायरिंग शोएब खान व सुजीत करोसिया ने की जबकि स्कोरर सौरभ चंदेल रहे। इधर मैदान क्रमांक-2 पर प्रभारी मनोज गुप्ता के निर्देशन में दो मुकाबले आयोजित किए गए जहां इंदौर ने जबलपुर को हराया। इंदौर की टीम ने 79 रन बनाए जबकि जबलपुर की टीम निर्धारित ओवर में 63 रन ही बना सकी। इस तरह इंदौर ने 16 रन से मैच जीत लिया। अम्पायरिंग कपिल यादव व आकाश यादव ने की जबकि स्कोरिंग प्रज्ञा तोमर ने की। इसी मैदान पर दूसरा मुकाबला नर्मदापुरम व जनजातीय कार्य विभाग के बीच खेला गया। यहां नर्मदापुरम ने छह विकेट पर 96 रन बनाए। जबाब में जनजातीय विभाग की टीम 70 रन ही बना सकी और नर्मदापुरम ने 26 रन से मैच जीत लिया। अम्पायरिंग अभिषेक सेन व कपिल भारद्वाज ने की, जबकि स्कोरर गिर्राज शर्मा थे।
नेटबाल में फिर ग्वालियर का दबदबा
प्रतियोगित के प्रचार प्रसार प्रभारी नीरज सरैया ने बताया कि रविवार को नेटबाल बालक वर्ग के तीन लीग मुकाबले खेले गए। रीवा ने उज्जैन को 20-12 से हराया, जबकि इंदौर ने जबलपुर पर 22-06 के लंबे अंतर से जीत हासिल की। इधर मेजबान ग्वालियर की टीम सागर के विरूद्ध पूरे मैच में हावी रही। ग्वालियर ने सागर के पांच गोल के मुकाबले 31 गोल दाग कर एक तरफा जीत हासिल की। रविवार को बालिका वर्ग नेट बाल में उज्जैन ने जबलपुर को 10-07 से जबकि जनजातीय कार्य विभाग को रीवा ने 27-06 से हराया। मेजबान ग्वालियर की बेटियों ने भी बेटों की तरह सागर को जबरदस्त पटकनी दी। उन्होंने 19-03 से सागर को हराया। वहीं भोपाल ने जबलपुर को 24-3 हराया। मैच के रेफरी अब्दुल लतीफ, संदीप टंडन, तेजू व योगेश रहे, जबकि स्काेरिंग राजू जाट, संस्कार मिश्रा, धीरज, विपिन, प्रेमसिंह व कुणाल द्वारा की गई।










