एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया ने जारी किए आदेश, कई थाना प्रभारियों को पुलिस लाइन भेजा, कोलारस से कोतवाली पहुंचे पुनीत वाजपेयी, अरविंद छारी को मिली दिनारा तो विनोद गौतम को मिली बम्हारी की कमान
शिवपुरी। जिले की पुलिस व्यवस्था में प्रशासनिक कसावट लाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने 19 पुलिस अधिकारियों की पदस्थापना में फेरबदल किया है। जारी आदेश के तहत कोतवाली, कोलारस, पोहरी, बैराड़, मायापुर, दिनारा, सीहोर और बम्हारी सहित कई थानों एवं पुलिस चौकियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। इस फेरबदल में कई थाना प्रभारियों को पुलिस लाइन भेजा गया है, जबकि अन्य अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी अधिकारियों को तत्काल नवीन पदस्थापना स्थल पर आमद देने के निर्देश दिए गए हैं।
कोतवाली और कोलारस में बदले थाना प्रभारी
जारी आदेश के अनुसार, कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे को पुलिस लाइन भेजा गया है, जबकि कोलारस थाना प्रभारी पुनीत वाजपेयी को कोतवाली की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, पुलिस लाइन में पदस्थ जितेंद्र चंदेलिया को कोलारस थाना प्रभारी बनाया गया है। उपनिरीक्षक स्तर पर अरविंद छारी को दिनारा थाना प्रभारी, संजय भगत को सुनारी चौकी प्रभारी और चेतन शर्मा को कोतवाली में पदस्थ किया गया है। दिनारा थाना प्रभारी रविंद्र कुशवाह को भी कोतवाली भेजा गया है। इसके अलावा आबिद खान को भटनावर चौकी प्रभारी, अभिमन्यु सिंह को सीहोर थाना प्रभारी, वीरेंद्र परिहार को मगरौनी चौकी प्रभारी और विनोद गौतम को बम्हारी थाना प्रभारी बनाया गया है।
पोहरी और बैराड़ में भी नई पदस्थापना
बम्हारी थाना प्रभारी सुनील राजपूत को पुलिस लाइन स्थानांतरित किया गया है। पुलिस लाइन में पदस्थ कार्यवाहक निरीक्षक मनीष कुमार धाकड़ को पोहरी थाना प्रभारी बनाया गया है। पोहरी थाना प्रभारी रवि चौहान को बैराड़ की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि बैराड़ थाना प्रभारी सुरेशचंद्र शर्मा को पुलिस लाइन भेजा गया है।
मायापुर, सीहोर और भटनावर में भी बदलाव
कोर्ट सेल में पदस्थ मनोज राजपूत को मायापुर थाना प्रभारी बनाया गया है, जबकि मायापुर थाना प्रभारी अनिल भारद्वाज को पुलिस लाइन भेजा गया है। भटनावर चौकी प्रभारी सीमा धाकड़ और सीहोर थाना प्रभारी जूली तोमर को भी पुलिस लाइन स्थानांतरित किया गया है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी आदेश में सभी पदस्थापनाओं को अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक प्रभावी बताया गया है। इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद जिले के कई थानों और चौकियों की कमान नए अधिकारियों के हाथों में होगी। पुलिस विभाग में हुए इस बदलाव को जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।







