शैक्षणिक आंकड़ों की शुद्धता और सत्यापन पर दिया जोर, अधिकारियों को दिए निर्देश
शिवपुरी। जिले में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और शैक्षणिक आंकड़ों की शुद्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को हैप्पी डेज स्कूल शिवपुरी में यूडाइस प्लस पोर्टल एवं परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स (पीजीआई) विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। जिला मिशन संचालक एवं कलेक्टर अर्पित वर्मा तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजय राय के निर्देशन में आयोजित कार्यशाला की अध्यक्षता जिला परियोजना समन्वयक दफेदार सिंह सिकरवार ने की।
कार्यशाला में जिला प्रोग्रामर जुगराज सिंह प्रजापति, एमआईएस कोऑर्डिनेटर बृजेश गोलिया एवं हेमंत खटीक ने प्रोजेक्टर के माध्यम से विद्यार्थियों, शिक्षकों, विद्यालयीन संसाधनों और शैक्षणिक उपलब्धियों से संबंधित जानकारी की सही प्रविष्टि, सत्यापन तथा निर्धारित समय-सीमा में आंकड़ों को अद्यतन करने की प्रक्रिया समझाई। इस दौरान अधिकारियों ने समस्त विकासखंडों के विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसीसी, बीएससी, एमआईएस कोऑर्डिनेटर, लेखापाल, एईओ, जन शिक्षा केंद्र प्रभारी, एमआरसी और डाटा एंट्री ऑपरेटर को निर्देशित किया कि पोर्टल पर दर्ज की जाने वाली जानकारी प्रमाणिक एवं त्रुटिरहित होनी चाहिए। गलत अथवा अपूर्ण आंकड़ों से शैक्षणिक मूल्यांकन प्रभावित हो सकता है। इसलिए संबंधित अधिकारी अभिलेखों के आधार पर प्रत्येक जानकारी का सत्यापन सुनिश्चित करें।
कार्यशाला में डीपीसी दफेदार सिंह सिकरवार, जिला प्रोग्रामर जुगराज सिंह प्रजापति, एडीपीसी राजा बाबू आर्य, एपीसी अतर सिंह राजोरिया, मुकेश पाठक, हरीश शर्मा एवं सहायक यंत्री सतीश निगम सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यशाला में इस बात पर जोर दिया गया कि विश्वसनीय शैक्षणिक आंकड़े शिक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का आकलन करने और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में पोर्टल पर सही जानकारी दर्ज करने और नियमित रूप से उसका सत्यापन करने के निर्देश दिए गए।








