Breaking Ticker

अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर 105 बालिकाओं को वितरित किए पिंक ड्राइविंग लाइसेंस

शासकीय कन्या महाविद्यालय में आयोजित हुआ पिंक ड्राइविंग लाइसेंस वितरण एवं जागरूकता कार्यक्रम, 40 नई बालिकाओं का भी पंजीयन


शिवपुरी। कलेक्टर अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेंद्र सिंह जादौन के निर्देशन में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर शासकीय कन्या महाविद्यालय शिवपुरी में पिंक ड्राइविंग लाइसेंस वितरण सह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष शैलजा लवंगीकर रहीं।

कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्रभारी प्रोफेसर एस.एस. खंडेलवाल, एनएसएस अधिकारी रेनू राय, डॉ. पल्लवी सक्सेना, महिला एवं बाल विकास विभाग के सहायक संचालक पवन तिवारी, सामाजिक कार्यकर्ता जीतेश जैन एवं पर्यवेक्षक आशा दुबे सहित बड़ी संख्या में बालिकाएं उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद महिला एवं बाल विकास विभाग के सहायक संचालक पवन तिवारी ने कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी देते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के विकास और सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन प्रयासों से महिलाओं को समाज में बराबरी का सम्मान मिल रहा है तथा लिंगानुपात में भी लगातार सुधार हो रहा है।

मुख्य अतिथि शैलजा लवंगीकर ने अपने संबोधन में कहा कि आज महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही हैं और समाज में सम्मान प्राप्त कर रही हैं। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति का स्वरूप है, जो मां काली, दुर्गा और सरस्वती के रूप में पूजनीय है। उन्होंने बालिकाओं को पिंक ड्राइविंग लाइसेंस वितरित करते हुए कहा कि महिलाओं का स्वयं वाहन चलाना महिला सशक्तिकरण का बेहतरीन उदाहरण है। कल तक जो महिलाएं पुरुषों के साथ वाहन पर पीछे बैठकर जाती थीं, आज वे स्वयं वाहन चलाकर आत्मनिर्भर बन रही हैं।

सामाजिक कार्यकर्ता जीतेश जैन ने बालिकाओं को बाल विवाह की रोकथाम से संबंधित जानकारी दी और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया। वहीं पर्यवेक्षक आशा दुबे ने लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम-2012 (पॉक्सो एक्ट) के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बालिकाओं से कहा कि किसी भी परिस्थिति में चुप नहीं रहना चाहिए और गलत का विरोध करना चाहिए, ताकि अपराध करने वालों के हौसले पस्त हो सकें।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व में आयोजित शिविर में पंजीकृत कुल 105 बालिकाओं को निशुल्क पिंक ड्राइविंग लाइसेंस वितरित किए गए। इसके साथ ही 40 नई बालिकाओं का पंजीयन किया गया, जिन्हें जल्द ही निशुल्क पिंक ड्राइविंग लाइसेंस तैयार कराकर वितरित किए जाएंगे।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। उपस्थित प्रतिभागियों को फूड पैकेट वितरित किए गए, जिसके बाद कार्यक्रम का समापन हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Kedar Singh Goliya, Mo.- 7999366077
school add  1



......

......

------------

-------------


-------
---------






Page settings Search Description Options Changes savedPage: Edit