Breaking Ticker

करैरा में 11 हजार महिलाओं ने निकाली भव्य कलश यात्रा, 24 से गूंजेगी श्रीराम कथा

25 हजार श्रद्धालुओं ने लिया हिस्सा, 26 बीघा में बना विशाल डोम; पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री आज हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे करैरा



करैरा, शिवपुरी। बगीचा धाम, श्री राम राजा सरकार धाम में 24 से 30 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा से पहले गुरुवार को करैरा में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इसमें 11 हजार से अधिक महिलाओं सहित करीब 25 हजार श्रद्धालुओं ने भाग लिया। डीजे, बैंड-बाजों और ढोल-नगाड़ों के साथ निकली यात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।

कलश यात्रा की शुरुआत कृषि उपज मंडी परिसर स्थित भगवान शंकर मंदिर में वैदिक पूजा-अर्चना के साथ हुई। प्रमुख यजमान पंडित राजेश दुबे ‘भोला महाराज’ ने श्रीरामचरितमानस ग्रंथ को सिर पर धारण किया। इसके बाद साधु-संतों और हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में यात्रा बगीचा धाम पहुंची, जहां महिलाओं ने विधि-विधान से कलश स्थापित किए। श्रद्धालुओं ने प्रसादी भी ग्रहण की। उज्जैन के संत अद्भुत स्वामी श्रीकृष्ण आकर्षण का केंद्र रहे।

हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे पंडित धीरेंद्र शास्त्री

बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री 24 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे हेलीकॉप्टर से करैरा पहुंचेंगे। दोपहर 2 बजे से श्रीराम कथा का शुभारंभ होगा, जो 30 अक्टूबर तक चलेगी। कथा का लाइव प्रसारण संस्कार चैनल, बागेश्वर धाम और नए पन्ने के यूट्यूब चैनलों सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किया जाएगा।

1200 से अधिक पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा

आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। 1200 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दतिया-झांसी, शिवपुरी-सिरसौद और नरवर-भितरवार मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। वीआईपी और मीडिया के वाहनों के लिए आदर्श विद्यालय परिसर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

26 बीघा में विशाल डोम, 8 बीघा में भोजनशाला

प्रमुख यजमान पंडित राजेश दुबे ‘भोला महाराज’ के अनुसार, कथा के लिए 26 बीघा भूमि में विशाल डोम तैयार किया गया है, जिसमें एक साथ दो लाख श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था का दावा किया गया है। वहीं, आठ बीघा भूमि में भोजनशाला बनाई गई है। श्री प्रभु राम हनुमान मानव सेवा समिति, सर्व समाज समिति, ब्राह्मण समाज करैरा और आयोजन समिति के करीब एक हजार सदस्य व्यवस्थाओं में जुटे हैं। आयोजन में देशभर से संत-महात्माओं, कथावाचकों, जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Kedar Singh Goliya, Mo.- 7999366077
school add  1



......

......

------------

-------------


-------
---------






Page settings Search Description Options Changes savedPage: Edit