-शिवपुरी विकासखण्ड के आधा दर्जन स्कूलों का किया निरीक्षण, कम छात्र उपस्थिति पर जताई नाराजगी
शिवपुरी। यूं तो ई अटेंडेंस के बाद सरकारी स्कूलों में शिक्षिकों का पूरे समय ठहराव सुनिश्चित हुआ है, लेकिन अब भी 2-4 फीसदी शिक्षकों की लापरवाही सामने आ रही है। जिला परियोजना समन्वयक दफेदार सिंह सिकरवार बुधवार को शिवपुरी विकासखण्ड के ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूलों का जायजा लेने पहुंचे तो अधिकांश स्कूल विधिवत संचालित मिले, लेकिन दोपहर 2.20 बजे प्राथमिक विद्यालय रौदा पर ताले झूल रहे थे। यहां पदस्थ दोनों शिक्षिका वंदना शर्मा व रामा शर्मा गैरहाजिर थीं। डीपीसी ने इस मामले में दोनों शिक्षिकाओं पर कठोर कार्यवाही प्रस्तावित की है। निरीक्षण के दौरान उनके साथ जनशिक्षक अरविंद सरैया मौजूद थे।
छात्र ने सुनाए 20 तक पहाड़े, डीपीसी ने दिया पुरस्कार
लापरवाही वाले कुछ स्कूलों को छोड़ दिया जाए तो शिक्षा की सकारात्मक तस्वीर भी अधिकांश स्कूलों में सामने आ रही है। डीपीसी दोपहर 2.40 बजे प्रावि मोहम्मदपुर पहुंचे तो यहां दोनों शिक्षक उपस्थित थे। शैक्षणिक स्तर का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि डीपीसी ने जब कक्षा 1 के छात्र दिलजीत सिंह रावत से पहाड़े पूछे तो उसने 20 तक पहाड़े सुना दिए। इस पर डीपीसी ने छात्र को शैक्षणिक सामग्री के लिए नगद राशि देकर पुरस्कृत किया। इसी तरह प्रावि मॉडनखेड़ी विधिवत संचालित मिला, यहां 29 में से 22 बच्चे मौजूद थे। दक्षता स्तर पर भी संतोषजनक मिला। परिसर की स्वच्छता के निर्देश शाला प्रभारी को दिए हैं। प्रावि खजूरी भी विधिवत संचालित पाया गया।
वॉट्सएप ग्रुप बनाकर बढ़ाएं छात्र उपस्थिति
डीपीसी जब दोपहर 1.40 बजे एकीकृत माध्यमिक विद्यालय मुढैरी पहुंच तो यहां सभी शिक्षक तो उपस्थित थे, लेकिन छात्र संख्या बेहद न्यून पाई गई जिस पर डीपीसी ने नाराजगी जताई और निर्देश दिए कि पालकों से व्यक्तिगत तौर पर तो सतत् संपर्क करें ही साथ ही तकनीक का सहारा लेते हुए कक्षावार बच्चों के अभिभावकों का वाट्सएप ग्रुप बनाएं और अनुपस्थित रहने वाले बच्चों की जानकारी ग्रुप पर डालें। उन्होंने जिले के अन्य स्कूलों में भी इसी तरह ग्रुप बनाकर छात्र उपस्थिति बढ़ाने के लिए प्रयास करने के निर्देश दिए हैं।
इनका कहना है
शिवपुरी विकासखण्ड के स्कूलों का निरीक्षण किया था। इस दौरान अधिकांश स्कूल विधिवत संचालित मिले, लेकिन रौदा स्कूल दोपहर 2.20 बजे बंद मिला। दोनों शिक्षिकाओं को नोटिस जारी कर रहे हैं। मामले में कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित करेंगे।
दफेदार सिंह सिकवार
डीपीसी शिवपुरी








