-डीईओ नरवर, डीपीसी करैरा तो परीक्षा प्रभारी की बदरबास के केंद्रों पर आमद
शिवपुरी । माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षाओं का उत्तरार्द्ध शुरू हो गया है। दसवीं के महत्वपूर्ण गणित विषय का प्रश्न पत्र मंगलवार को आयोजित हुआ जहां बोर्ड और विभाग की सशक्त रणनीति, डिजिटल निगरानी और स्थानीय स्तर पर प्रशासन व जिला शिक्षा विभाग के कुशल प्रबंधन का असर है कि गणित की महत्वपूर्ण परीक्षा में भी जिले में नकल का खाता तक नहीं खुला। मंगलवार को अंचल के 51 और शहर के 15 केंद्रों सहित 66 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई। जिले में बनाए गए सभी 66 केंद्रों पर हुई गणित विषय की परीक्षा में 568 परीक्षार्थी गैर हाजिर रहे।इस दौरान पिछोर एसडीम ममता शाक्य ने भौंती व पिछोर,जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव ने नरवर के केंद्रों पर रुककर परीक्षा का निरीक्षण किया वहीं डीपीसी दफेदार सिंह सिकरवार ने करैरा तो जिला परीक्षा प्रभारी राजाबाबू आर्य का पैनल बदरवास व कोलारस के परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा का मुआयना करने पहुंचा। इसके अलावा जिला कीड़ा अधिकारी चंद्रशेखर बैमटे ने शहर के 4 केंद्रों पर निरीक्षण किया लेकिन जिले के किसी भी केंद्र पर कोई नकल प्रकरण दर्ज नहीं किया गया। खास बात यह रही कि।परीक्षा के लिए पहली दफा गठित किए गए आईटी सेल द्वारा कलेक्टर प्रतिनिधि व केंद्राध्यक्ष के थानों से प्रश्न पत्र निकालते समय ट्रैकिंग डिवाइस एक्टिवेट कर निगरानी की गई। इस दौरान गणित की परीक्षा में सबसे ज्यादा 122 परीक्षार्थी पिछोर में तो सबसे कम 31 परीक्षार्थी बदरवास में गैर हाजिर रहे।
66 केन्द्रों पर 21 हजार 71 परीक्षार्थी थे नामांकित
जिला परीक्षा प्रभारी राजाबाबू आर्य ने बताया कि जिले में मंगलवार को हाई स्कूल परीक्षा का गणित विषय का प्रश्न पत्र आयोजित हुआ। जिले में 66 केंद्रों पर आयोजित हुई हाई स्कूल बोर्ड परीक्षा में कुल 21 हजार 71 परीक्षार्थी नामांकित थे जिसमें 20 हजार 503 परीक्षार्थी हाई स्कूल की परीक्षा में शामिल हुए वहीं 568 परीक्षार्थी परीक्षा से गैर हाजिर रहे। इस तरह हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा के तीसरे प्रश्न पत्र में जिले के 66 केंद्रों पर सुबह 9 बजे से 12 बजे तक परीक्षा आयोजित की गई जहां परीक्षा में सुबह 8:45 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया गया।
शहर से बदरबास व करैरा तक पहुंचे पैनल
गणित के प्रश्नपत्र में पिछोर एसडीएम ममता शाक्य ने कन्या उमावि पिछोर,हरिजन बस्ती पिछोर व पीएमश्री स्कूल भौंती का मुआयना किया वहीं डीईओ विवेक श्रीवास्तव ने शहर के हैप्पीडेज स्कूल,कन्या उमावि नरवर व सीएम राइज नरवर तो डीपीसी दफेदार सिंह सिकरवार ने करैरा के उत्कृष्ट विद्यालय,कन्या उमावि व सरस्वती विद्या मंदिर केंद्र पर परीक्षा का जायजा लिया जबकि परीक्षा प्रभारी राजाबाबू आर्य ने बदरवास के अशा.एक्सीलेंट स्कूल,मॉडल स्कूल,कन्या उमावि बदरवास व कोलारस के सांदीपनि विद्यालय,कन्या उमावि,मॉडल कोलारस व सरस्वती ज्ञान मंदिर में परीक्षा का निरीक्षण किया।जिला क्रीड़ा अधिकारी चंद्रशेखर बैमटे ने शहर के तात्याटोपे हाई स्कूल, कन्या आदर्श नगर,सीएम राइज स्कूल व हैप्पीडेज स्कूल में पहुंचकर परीक्षा का निरीक्षण किया। इस दौरान किसी भी केंद्र पर कोई नकल प्रकरण दर्ज नहीं किया गया।
कारगर साबित हो रहा है आई टी सैल
जिले में बोर्ड परीक्षा के विधिवत ढंग से संचालन को लेकर शहर के माधव चौक स्थित परीक्षा कक्षा में कंट्रोल रूम बनाया गया है जहां सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक कंट्रोल रूम प्रभारी सुनील चौरसिया व भूपेंद्र शर्मा द्वारा कंट्रोल रूम का संचालन किया जा रहा है।इस दौरान शहर के जिला उत्कृष्ट विद्यालय में आईटी सेल का गठन किया गया है जिसके जरिए आईटी सेल प्रभारी विनोद जैन द्वारा जिले में थाने से परीक्षा केंद्र पर प्रश्न पत्र ले जाते समय कलेक्टर प्रतिनिधि के मोबाइल पर एप के जरिए ट्रैकिंग की जा रही है।
इनका कहना है
मंगलवार को 10 वीं के गणित विषय का प्रश्नपत्र 66 केंद्रौ पर आयोजित हुई। जिले में किसी भी केंद्र पर कोई नकल प्रकरण दर्ज नहीं हुआ है।
विवेक श्रीवास्तव
जिला शिक्षा अधिकारी शिवपुरी








