स्कूल चले हम अभियान के तहत विद्यालय का निरीक्षण, विद्यार्थियों को वितरित की पुस्तकें
केदार सिंह गोलिया
पोहरी। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देशों के पालन में मुख्य कार्यपालन अधिकारी पोहरी आफीसर सिंह गुर्जर ने स्कूल चले हम अभियान के अंतर्गत शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय पोहरी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को पुस्तकें वितरित कीं, कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों को पढ़ाया तथा उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता का आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान मिडिल विभाग में 38 तथा प्राथमिक विभाग में 30 विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज मिली। इस अवसर पर सीईओ आफीसर सिंह गुर्जर ने कहा कि “बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति, पढ़ाई का उच्च स्तर और भोजन की गुणवत्ता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। बच्चों का सर्वांगीण विकास ही हमारी प्राथमिकता है।” उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को नियमित रूप से विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के निर्देश दिए।
सीईओ ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करनी चाहिए। उन्होंने सभी बच्चों को प्रतिदिन विद्यालय आने तथा शिक्षा के प्रति जागरूक रहने की समझाइश दी।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया गया। उन्होंने शौचालय, पेयजल, बिजली व्यवस्था एवं साफ-सफाई का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) के तहत परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता का निरीक्षण करते हुए सीईओ ने बच्चों के साथ बैठकर भोजन भी किया। उन्होंने कहा कि “बच्चों को निर्धारित मीनू के अनुसार पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन मिलना चाहिए, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय स्टाफ को भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय प्राचार्य दामोदर लक्ष्कर सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।









