पोहरी। पोहरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम ऐसवाया में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला उपाध्यक्ष दिलीप मुद्गल ने सभी समाज की महिलाओं एवं बहनों के बीच पहुंचकर उनसे तिलक लगवाया और सम्मान स्वरूप उनके चरण स्पर्श कर उपहार के रूप में साड़ियां भेंट कीं। इस अवसर पर बहनों ने भी उनके उज्ज्वल भविष्य और दीर्घायु की कामना करते हुए आशीर्वाद प्रदान किया।
कार्यक्रम के दौरान दिलीप मुद्गल ने कहा कि समाज की बहनों और बेटियों का सम्मान भारतीय संस्कृति की पहचान है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता का स्नेह और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है, जिसके बल पर वे लगातार जनसेवा के कार्यों में जुटे हुए हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि दिलीप मुद्गल विगत कई वर्षों से पोहरी विधानसभा क्षेत्र में सामाजिक और जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनके द्वारा क्षेत्र में कई विशाल भंडारों का आयोजन कराया गया है। साथ ही सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलनों में शामिल होकर नवविवाहित बेटियों को डबल बेड, कंबल सहित विभिन्न उपयोगी सामग्री भेंट कर सम्मानित किया जाता रहा है।
इसके अलावा वे खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान करने तथा विभिन्न समाजों के धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में सहभागिता निभाने के लिए भी जाने जाते हैं। सामाजिक समरसता के भाव से विभिन्न चल समारोहों और आयोजनों में लोगों का स्वागत कर समाज को जोड़ने का कार्य भी लगातार कर रहे हैं।
ग्राम ऐसवाया में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, ग्रामीणजन एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का वातावरण भाई-बहन के स्नेह, सम्मान और सामाजिक सौहार्द से सराबोर रहा।








