'योग फॉर हेल्दी एजिंग' थीम पर विद्यार्थियों और स्टाफ ने किया योगाभ्यास, पौधारोपण का लिया संकल्प
शिवपुरी। आयुष मंत्रालय के निर्देश एवं शिक्षा विभाग के मार्गदर्शन में स्थानीय दून पब्लिक स्कूल परिसर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के स्टाफ एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम में हार्टफुलनेस संस्था के योग प्रशिक्षक कार्तिक जैन ने इस वर्ष की थीम 'योग फॉर हेल्दी एजिंग' के अनुरूप योगाभ्यास कराया। उन्होंने सूक्ष्म व्यायाम से शुरुआत करते हुए ताड़ासन, वृक्षासन, शशांक आसन, अर्धभुजंगासन एवं उत्तानपादासन का अभ्यास कराया। सत्र के अंत में प्रतिभागियों को मानसिक शांति एवं एकाग्रता के लिए ध्यान (मेडिटेशन) कराया गया।
इस अवसर पर कार्तिक जैन ने तनावमुक्त जीवन के लिए व्यावहारिक सुझाव दिए तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए सभी को पौधारोपण का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि योग शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन एवं आत्मिक शुद्धि का प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त करते हुए अखलाक खान ने कहा कि योग तन और मन को जोड़कर आत्मबल को मजबूत करता है तथा प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में दून पब्लिक स्कूल एवं रेडिएंट कॉलेज के डायरेक्टर शाहिद खान तथा प्राचार्य अभिजीत घोषाल ने योग प्रशिक्षक कार्तिक जैन का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। अंत में डायरेक्टर शाहिद खान ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।








