-80 जनशिक्षा केन्द्रों में 3075 स्कूलों के बच्चे होंगे शामिल, विभाग ने तैयारियां की पूरी
शिवपुरी। माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा आयोजित 10वी व12वी परीक्षाओं का सिलसिला जारी है। इसी बीच शुक्रवार से हुबहू बोर्ड पैटर्न पर 5वी और 8वी कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं शुरू होने जा रही हैं। बड़े स्तर पर आयोजित होने वाली इस परीक्षा में 71034 परीक्षार्थी नामांकित हैं। इसके लिए जिले के 80 जनशिक्षा केन्द्रों के अंतर्गत 359 परीक्षा केन्द्रों का गठन किया गया है। हिन्दी व अंग्रेजी दोनों माध्यम में होने वाली इस परीक्षा में 3053 स्कूलों के बच्चे शामिल होंगे। जिला शिक्षा केन्द्र के डीपीसी दफेदार सिंह सिकरवार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए परीक्षा के आयोजन से जुड़े अमले को आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं।
निरीक्षण पैनल व कंट्रोल रूम गठित
एपीसी अकादमिक एवं परीक्षा प्रभारी मुकेश पाठक ने बताया कि परीक्षा के व्यवस्थित व सुचारू आयोजन के लिए सभी केन्द्रों पर आकस्मिक निरीक्षण किया जाएगा। इसके लिए जिला शिक्षा केन्द्र स्तर से डीपीसी एवं एपीसी अकादमिक के नेतृत्व में दो पैनल गठित किए गए हैं। जबकि विकासखण्ड स्तर पर भी बीआरसीसी के नेतृत्व में पैनल गठित हुए हैं। परीक्षा का आयोजन दोपहर 2 बजे से 4.30 बजे तक की पाली में किया जाएगा। जहां कक्षा 5 की परीक्षा शुक्रवार से प्रारंभ होकर 26 फरवरी तक चलेंगी तो वहीं कक्षा 8 की परीक्षा 28 फरवरी तक जारी रहेंगी। परीक्षा प्रारंभ होने से 45 मिनट पूर्व केन्द्राध्यक्ष अपने जनशिक्षा केन्द्र से प्रश्रपत्र के सीलबंद लिफाफे प्राप्त करेंगे और परीक्षा उपरांत उसी दिन उत्तर पुस्तिकाओं के बंडल भी संबंधित जनशिक्षा केन्द्र पर गठित किए गए संकलन केन्द्र पर जमा होंगे। जिला शिक्षा केन्द्र स्तर पर एपीसी मॉबालाइजेशन उमेश करारे के नेतृत्व में सात सदस्यीय कंट्रोल रूम का गठन भी किया गया है। जहां जिलेभर से परीक्षा का डाटा व जानकारियां संग्रहित व प्रेषित की जाएंगी।
शिवपुरी विकास खंड में सबसे ज्यादा परीक्षार्थी
आंकड़ों की बात करें तो कक्षा 5 में अंग्रेजी माध्यम में जिले में 3423 व हिन्दी माध्यम में 35629 परीक्षार्थी सहित कुल 39052 परीक्षार्थी शामिल होंगे। तो वहीं कक्षा 8 में अंग्रेजी माध्यम में 2668 व हिन्दी माध्यम में 29314 परीक्षार्थी सहित कुल 31982 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। विकासखण्डवार आंकड़ों की बात करें तो सबसे ज्यादा परीक्षार्थी शिवपुरी विकासखण्ड में नामांकित हैं। यहां कक्षा 5 वी में 6569 व कक्षा 8 में 6454 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इसी तरह सबसे ज्यादा परीक्षा केन्द्र भी शिवपुरी विकासखण्ड में ही गठित किए गए हैं। यहां कुल 71 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। जबकि बदरवास में 34, करैरा में 41, खनियांधाना में 57, कोलारस में 38, नरवर में 31, पिछोर में 44 व पोहरी में 43 केन्द्र बनाए गए हैं।
इनका कहना है
जिले के 80 जनशिक्षा केन्द्रों में 359 केन्द्रों पर शुक्रवार से 5वी व 8वी की परीक्षाएं बोर्ड पैटर्न पर आयोजित होंगी। जिसमें 71034 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
दफेदार सिंह सिकरवार
डीपीसी शिवपुरी







