-उडऩदस्तों की निगरानी जारी, डीईओ नरवर, डीपीसी करैरा तो शहर के केन्द्रों पर पहुंचे परीक्षा प्रभारी
शिवपुरी। बोर्ड परीक्षाओं का सिलसिला जारी है। 12 वी कक्षा के तीसरे बड़े प्रश्रपत्रों का आयोजन बुधवार को जिले के 64 केन्द्रों पर हुआ। विज्ञान संकाय के महत्वपूर्ण विषय कैमिस्ट्री सहित कला संकाय के इतिहास, कॉमर्स के व्यवसाय अध्ययन, कृषि संकाय के एलिमेंट ऑफ साइंस एण्ड मैथमेटिक्स यूजफुल फोर एग्रीकल्चर सहित दो अन्य विषयों के प्रश्रपत्र बुधवार को प्रस्तावित थे। इन प्रश्रपत्रों के दौरान नामांकित परीक्षार्थियों में से 258 परीक्षार्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचे। हालांकि कुल 14491 परीक्षार्थियों में से 14233 परीक्षा में शामिल हुए। बुधवार को भी विभागीय व प्रशासनिक उडऩदस्तों की केन्द्रों पर निगरानी का सिलसिला जारी रहा। हालांकि किसी भी केन्द्र पर कोई नकलची उडऩदस्तों को नहीं मिला और बुधवार को भी नकल प्रकरणों की संख्या शून्य ही रही।
किस अधिकारी ने खंगाले कौन कौन से केन्द्र
बुधवार को आयोजित परीक्षा की बात करें तो जिला शिक्षा अधिकारी परीक्षा शुरू होने से पहले ही उत्कृष्ट उमावि क्रमांक एक परीक्षा केन्द्र पर जा पहुंचे। यहां उन्होंने अपनी निगरानी में परीक्षार्थियों की सर्चिंग प्रक्रिया को परखा। इसके बाद समीपस्थ उमावि क्रमांक 2 केन्द्र का भी निरीक्षण किया। डीईओ यहां से पहले नरवर के संदीपनी उमावि केन्द्र पर पहुंचे और निरीक्षण के बाद आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने एकीकृत उमावि मगरौनी केन्द्र का भी निरीक्षण किया। जिला परियोजना समन्वयक दफेदार सिंह सिकरवार ने एपीसी अतरसिंह राजौरिया के साथ करैरा के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, संदीपनी उमावि सहित दिनारा के उमावि व मावि परीक्षा केन्द्र का निरीक्षण किया। जिला परीक्षा प्रभारी राजाबाबू आर्य ने शहर के तात्याटोपे हाईस्कूल फिजीकल सहित उत्कृष्ट उमावि, उमावि क्र. 2, कन्या उमावि कोर्ट रोड व बाल शिक्षा निकेतन केन्द्र का निरीक्षण किया तो वहीं जिला क्रीड़ा अधिकारी चंद्रशेखर बेमटे की टीम ने शहर के शिवपुरी पब्लिक स्कूल, सरस्वती विद्यापीठ, बाल शिक्षा निकेतन, एमीनेंट पब्लिक स्कूल सहित कन्या उमावि सदर बाजार केन्द्र का निरीक्षण किया। इधर उत्कृष्ट विद्यालय में गठित आईटी सेल के प्रभारी एवं प्राचार्य विनोद जैन द्वारा प्रश्रपत्र वितरण की ऑनलाईन ट्रेकिंग की गई। बता दें कि एप के माध्यम से कलेक्टर प्रतिनिधि व केन्द्राध्यक्षों द्वारा थानों से प्रश्रपत्र प्राप्त करने एवं परीक्षा केन्द्रों तक ले जाने की पूरी प्रक्रिया ट्रेकिंग डिवाइस के माध्यम से ट्रेस की जाती है और प्रतिनिधि उसकी रिपोर्ट वरिष्ठ कार्यालय को भी प्रेषित होती है। इसके अलावा पिछोर एसडीएम ममता शाक्य सहित करैरा, कोलारस, पोहरी, शिवपुरी एसडीएम द्वारा भी अपने अनुविभाग के कई केन्द्रों का निरीक्षण किया।
शिवपुरी में 68 तो करैरा में 57 रहे गैरहाजिर
जिला परीक्षा प्रभारी राजाबाबू आर्य ने बताया कि बुधवार को कुल गैरहाजिर 258 परीक्षार्थियों में से सबसे ज्यादा 68 परीक्षार्थी शिवपुरी विकासखण्डों के केन्द्रों पर गैरहाजिर रहे जबकि करैरा में 57, पिछोर में 51, कोलारस में 26, नरवर में 19 पोहरी में 18, खनियांधाना में 11 व बदरवास में 8 परीक्षार्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचे। बोर्ड परीक्षाओं के अगले चरण में गुरूवार को 10 वी के संस्कृत व 12 वी के मनोविज्ञान विषय का प्रश्रपत्र आयोजित होगा।
इनका कहना है
बुधवार को हायर सेकेण्डरी के रसायनशास्त्र व इतिहास सहित अन्य विषयों की परीक्षा शांतिपूर्ण आयोजित हुई। विभागीय उडऩदस्तों के अलावा सभी अनुविभागीय अधिकारियों के पैनल भी सतत निरीक्षण कर रहे हैं। कहीं भी कोई नकल प्रकरण दर्ज नहीं हुआ है।
विवेक श्रीवास्तव
जिला शिक्षा अधिकारी, शिवपुरी











