-सख्ती का दिखा असर, नहीं मिला कोई नकलची, शांतिपूर्ण रही परीक्षा
शिवपुरी। बोर्ड परीक्षाओं का क्रम जारी है। प्रशासन के साथ शिक्षा विभाग की रणनीति जिले में व्यवस्थित और शांतिपूर्ण परीक्षा के आयोजन में फिलहाल कारगर साबित हो रही है। इसी क्रम में 10 वी कक्षा के सबसे महत्वपूर्ण प्रश्रपत्र में शामिल अंग्रेजी विषय का प्रश्रपत्र मंगलवार को 66 केन्द्रों पर आयोजित हुआ। अमूमन इस विषय में नकल की आशंका को देखते हुए विभागीय व एसडीएम के नेतृत्व में गठित उडऩदस्तों ने मोर्चा संभाला और जिलेभर के संवेदनशील सहित अन्य केन्द्रों पर दस्तक दी। जिला शिक्षाधिकारी विवेक श्रीवास्तव खोड़ के उमावि व मावि केन्द्र पर परीक्षा शुरू होते ही जा पहुंचे और पूरे समय डटे रहे। इस दौरान पिछोर बीईओ विनोद गुप्ता का दल भी यहां डेरा डाला रहा। इधर डीपीसी दफेदार सिंह सिकरवार व एपीसी अतरसिंह राजौरिया की टीम ने पोहरी के कन्या उमावि, संदीपनी स्कूल सहित अशासकीय गोंजालो गार्सिया स्कूल केन्द्र का सघन निरीक्षण किया तो वहीं जिला परीक्षा प्रभारी राजाबाबू आर्य ने शुरूआत शहर के कन्या उमावि आदर्श नगर व सरस्वती विद्यापीठ केन्द्र से की। इसके बाद उन्होंने करैरा के उमावि सिरसौद, सरस्वती शिशु मंदिर, संदीपनी उमावि करैरा सहित उत्कृष्ट व कन्या उमावि केन्द्र का निरीक्षण किया। जिला क्रीड़ा अधिकारी चंद्रशेखर बेमटे की टीम ने शहर के संदीपनी उमावि, हैप्पीडेज उमावि, हाईस्कूल फिजीकल व आईपीएस केन्द्र का निरीक्षण किया। खासबात यह रही कि सभी केन्द्रों पर परीक्षा व्यवस्थित संचालित मिली और निरीक्षण दलों को किसी भी केन्द्र पर कोई नकलची नहीं मिला।
20159 परीक्षार्थियों ने हल किया अंग्रेजी का प्रश्रपत्र
जिला परीक्षा प्रभारी राजाबाबू आर्य ने बताया कि हाईस्कूल का अंग्रेजी का प्रश्रपत्र सभी 66 केन्द्रों पर आयोजित किया गया था। इस परीक्षा में कुल 20 हजार 711 परीक्षार्थी नामांकित थे जिनमें से 20 हजार 159 ही परीक्षा देने पहुंचे। जबकि 552 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। सबसे ज्यादा 121 परीक्षार्थी पिछोर विकासखंड के केन्द्रों पर अनुपस्थित रहे। जबकि शिवपुरी विकासखण्ड में 110, करैरा में 79, कोलारस में 61, पोहरी में 53, नरवर में 50, खनियांधाना में 44 व बदरवास में 34 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। जिले में 12 वी के ड्रॉइंग एवं डिजाइजन विषय में कोई भी परीक्षार्थी नामांकित न होने से प्रश्रपत्र आयोजित नहीं हुआ। परीक्षा के दौरान जिला कंट्रोल रूम पर प्रभारी प्राचार्य सुनील चौरसिया, भूपेन्द्र शर्मा व कौशल शर्मा सहित टीम निर्धारित सारणी के अनुसार जानकारी अधतन व वरिष्ठ कार्यालय को प्रेषित करती रही।
बुधवार को 12 वी के चार महत्वपूर्ण प्रश्रपत्र
बोर्ड परीक्षाओं के क्रम में बुधवार का दिन भी विभाग के लिए महत्वपूर्ण रहेगा क्योंकि 12 वी कक्षा के चार महत्वपूर्ण विषयों का प्रश्रपत्र आयोजित होना है। इनमें 12 वी के विज्ञान संकाय का रसायनशास्त्र, कला संकाय में इतिहास सहित व्यवसाय अध्ययन एवं एलीमेंट ऑफ साइंस एण्ड मैथमेटिक्स, एग्रीकल्चर विषय के प्रश्रपत्र शामिल हैं।
इनका कहना है
जिले में मंगलवार को 10 वी के अंग्रेजी विषय के प्रश्रपत्र के दौरान 20159 परीक्षार्थी शामिल हुए। विभाग के अलावा प्रशासनिक उडऩदस्तों ने पूरी कसावट के साथ महत्वपूर्ण परीक्षा केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। कहीं भी कोई नकल प्रकरण दर्ज नहीं हुआ है। परीक्षा व्यवस्थित व शांतिपूर्ण संचालित हुई।
विवेक श्रीवास्तव
जिला शिक्षा अधिकारी शिवपुरी









