शिवपुरी। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में करैरा वृत्त अंतर्गत आज बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। यह कार्रवाई कलेक्टर रविन्द्र चौधरी एवं उपायुक्त आबकारी संभागीय उडऩदस्ता ग्वालियर संदीप शर्मा के निर्देशन में तथा जिला आबकारी अधिकारी शुभम दांगोड़े के नेतृत्व में की गई।
वृत्त करैरा के प्रभारी गौरव कुमार कोल द्वारा करैरा क्षेत्र के टीला रोड स्थित हाईवे के पास कंजर डेरा में दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान मौके से 446 लीटर हाथ भट्टी की अवैध शराब जब्त की गई तथा 8450 किलोग्राम गुड़ लाहन के सैंपल लेकर शेष लाहन को मौके पर ही नष्ट किया गया। जब्त सामग्री एवं नष्ट किए गए गुड़ लाहन की अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख 96 हजार रुपये बताई गई है।
इस दबिश के दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के अंतर्गत कुल 11 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। उक्त संपूर्ण कार्रवाई में वृत्त प्रभारी गौरव कुमार कोल के साथ आबकारी उपनिरीक्षक राहुल गुप्ता, लोकेश बेवारिया, आरक्षक गिर्राज, सतीश, डोंगर सिंह, रितिक, सैनिक सुमन, रितु एवं दिलीप का सराहनीय योगदान रहा। आबकारी विभाग शिवपुरी द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिले में नशीले पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।







