शिवपुरी। जिले की प्रतिभाशाली खिलाड़ी शिल्पी शर्मा ने अपनी शानदार उपलब्धि से शिवपुरी का नाम पूरे प्रदेश में गौरवान्वित किया है। विगत दिवस ग्वालियर में आयोजित मध्य प्रदेश राज्य स्तरीय मास्टर्स महिला/पुरुष इक्विप्ड एवं क्लासिक पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप 2026 में शिल्पी शर्मा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया और स्टेट गोल्ड मेडलिस्ट बनने का गौरव हासिल किया।
41 वर्ष की उम्र में यह उपलब्धि हासिल कर शिल्पी शर्मा ने यह साबित कर दिया कि दृढ़ संकल्प, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी आयु में सफलता प्राप्त की जा सकती है। उनकी इस जीत से न केवल उनके परिवार और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है, बल्कि पूरे शिवपुरी जिले को उन पर गर्व है।
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद अब शिल्पी शर्मा का चयन आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है। वे जुलाई माह में महाराष्ट्र में आयोजित होने वाले फाइनल मुकाबले में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। शिल्पी शर्मा की इस उल्लेखनीय सफलता पर खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों और नगरवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। सभी ने आशा व्यक्त की है कि वे राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर शिवपुरी और मध्य प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।







