कोलारस। कोलारस पब्लिक स्कूल में वार्षिक उत्सव ‘रंगोत्सव 2025’ का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास, उल्लास और भव्यता के साथ किया गया। रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक मंच सज्जा और विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने पूरे विद्यालय परिसर को उत्सवमय वातावरण में बदल दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना एवं सरस्वती वंदना से हुआ, जिससे वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने स्वच्छ भारत अभियान, चंद्रयान मिशन, छत्रपति शिवाजी महाराज के शौर्य, ऑपरेशन सिंदूर, योगा तथा राजस्थानी लोकनृत्य जैसे विविध विषयों पर आधारित प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
रामायण एवं श्रीकृष्ण रासलीला की भावपूर्ण प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया, वहीं राजू भाई कॉमेडी ने हास्य प्रस्तुति से सभागार को ठहाकों से गूंजा दिया।
नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों की मासूमियत और आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। संगीतमय कार्यक्रम, वाद्य यंत्रों की सुमधुर धुनें और नृत्य-नाटिकाओं ने दर्शकों को लगातार तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर अनिल ठाकुर ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए सराहनीय घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 21 हजार रुपये नगद पुरस्कार दिया जाएगा, जबकि राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 51 हजार रुपये का विशेष पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को सभी तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रवेश शुल्क में 50 प्रतिशत छूट की घोषणा भी की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक महेंद्र सिंह यादव ने कोलारस पब्लिक स्कूल द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और इसे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायी बताया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विधायक महेंद्र सिंह यादव, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रविंद्र शिवहरे तथा जनपद पंचायत अध्यक्ष भरत सिंह चौहान का शाल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।





.jpg)






