स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के तहत ग्राम पंचायतों में लगे स्वास्थ्य शिविर
शिवपुरी। जनपद पंचायत क्षेत्र में चलाए जा रहे स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के तहत विभिन्न ग्राम पंचायतों में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। इस दौरान जनपद पंचायत की सीईओ सोनम जैन ने ग्राम पंचायत कांकर, कलोथरा एवं भानगढ़ पहुंचकर शिविरों का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की।
शिविर में ग्रामीणों के बीपी एवं शुगर की जांच, छोटे बच्चों का वजन एवं पोषण स्तर का परीक्षण तथा नेत्र स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। बड़ी संख्या में आदिवासी भाई-बहनों ने अपने स्वास्थ्य की जांच कराई। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा ओआरएस के पैकेट, आयरन की गोलियां एवं आवश्यक दवाइयों का भी वितरण किया गया। इस अवसर पर सीईओ सोनम जैन ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। शासन की मंशा है कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचें और प्रत्येक व्यक्ति अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहे। कार्यक्रम में पंचायत के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
इनका कहना है
स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को जांच, परामर्श और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
सोनम जैन, सीईओ जनपद शिवपुरी









