-पोस्टर बना सकारात्मक संदेश और आकर्षण का केंद्र
शिवपुरी। समय के साथ समाज की सोच अब बदल रही है। बेटे से ज्यादा लोग बेटी के जन्म पर खुशी मना रहे हैं और समाज को सकारात्मक संदेश भी दे रहे हैं। ऐसी ही जन्मी एक बिटिया का अस्पताल से घर आगमन का सफर सोमवार को शहर में चर्चा का विषय बना रहा। दरअसल, तानपुर स्कूल में पदस्थ शिक्षक अखिलेश शर्मा और जिला न्यायालय में कार्यरत उनकी पत्नी शशि शर्मा के यहां बीते रोज बेटी ने जन्म लिया,पूरे परिवार में बिटिया के जन्म पर खुशी का माहौल है और सोमवार की दोपहर अस्पताल से जब डिस्चार्ज किया गया तो शर्मा दंपत्ति और उनके परिजनों ने अनोखे अंदाज में बिटिया की आगवानी करने का निर्णय लिया। बिटिया को गुब्बारों और फूलों से सजी कार में गाजे-बाजे के साथ शहर के मुख्य मार्गों से होकर माधव नगर स्थित अपने निज निवास तक लाया गया। इस दौरान कार पर नवजात बिटिया के फोटाे सहित अंकित पोस्टर .... बेटी हुई है... लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र तो रहा ही साथ ही समाज को एक सकारात्मक संदेश भी देता नजर आया कि, बेटे और बेटी में कोई फर्क नहीं है। परिजनों ने नवजात बिटिया के लिए अपने घर को भी आकर्षक ढंग से सजाया। यह पूरा घटनाक्रम सोशल साइट पर भी चर्चाओं में रहा, लोगों ने भी इसे खूब सराहा।











