दौड़, ऊंची कूद और लंबी कूद में हुए मुकाबले, विजेता खिलाड़ी संभाग स्तर पर करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व
शिवपुरी। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का मंगलवार को स्थानीय श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल परिसर में उत्साहपूर्ण आगाज हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन जिले के विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने मैदान पर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। दौड़ से लेकर ऊंची कूद और लंबी कूद तक विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।
प्रतियोगिता में मिनी, जूनियर एवं सीनियर वर्ग के बालक-बालिकाओं के लिए अलग-अलग एथलेटिक्स स्पर्धाएं आयोजित की गईं। दौड़ प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने तेज रफ्तार और बेहतर तालमेल का प्रदर्शन किया, वहीं ऊंची कूद एवं लंबी कूद में भी प्रतिभागियों ने श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए अगले दौर में जगह बनाने के लिए पूरा दमखम लगाया।
जिले के सभी विकासखंडों से चयनित होकर आए खिलाड़ियों की मौजूदगी के कारण मुकाबले काफी प्रतिस्पर्धात्मक रहे। कई स्पर्धाओं में अंतिम क्षण तक विजेता का फैसला करना चुनौतीपूर्ण रहा। मैदान पर अपने-अपने विकासखंड का प्रतिनिधित्व कर रहे खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
प्रतियोगिता के व्यवस्थित संचालन में जिला क्रीड़ा अधिकारी चंद्रशेखर बेमटे, ब्लॉक संयोजक विवेक वर्धन शर्मा, बसंत शर्मा, भगवत शर्मा, यादवेंद्र चौधरी,अजय बाथम,सदाशिव भार्गव एवं इंद्रजीत पाल,नीरज सरैया सहित जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए खेल शिक्षकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। खेल शिक्षकों को अलग-अलग स्पर्धा स्थलों पर दायित्व सौंपे गए, जहां उन्होंने निर्धारित नियमों के अनुसार प्रतियोगिताओं का संचालन कराया।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विभिन्न स्पर्धाओं के फाइनल राउंड के बाद श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। चयनित छात्र-छात्राओं को आगामी संभाग स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शिवपुरी जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह दिखाई दिया। जिला स्तर पर अपनी श्रेष्ठता साबित कर संभाग स्तर तक पहुंचने के लक्ष्य के साथ खिलाड़ियों ने मैदान पर पूरी ऊर्जा झोंक दी। प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों में भी कई रोमांचक स्पर्धाएं देखने को मिलेंगी।








