आधा दर्जन से अधिक गांव में जाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ किया विचार-विमर्श
शिवपुरी। विधानसभा क्षेत्र 23 करैरा में कांग्रेस को मजबूत और सशक्त करने में रिटायर्ड एसडीओ और कांग्रेस नेता रामरूप महादोरिया कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। उनके द्वारा लगातार गांवों में बूथ लेवल पर पहुंचकर ना केवल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ विचार-विमर्श किया जा रहा है, बल्कि ग्रामीणों को भी कांग्रेस की विचारधारा से जोडऩे के लिए प्रयास किए जा रहे हैं जिसमें वह काफी हद तक सफल भी हो रहे हैं। इसी तारतम्य में विगत दिवस रामरूप महदोरिया करैरा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले गांव अंदोरा, सुनारी, दिहायला, भांसडे, राव, लमकना, गोंघारी, हतेडा आदि में पहुंचे, जहां उनके द्वारा कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं की मीटिंग ली। इस दौरान रामरूप महदोरिया के साथ जिला महासचिव नवाब सिंह बैसला (एडवोकेट), किसान कांग्रेस महासचिव अश्वनी शर्मा (एडवोकेट), पिछड़ा वर्ग ब्लॉक अध्यक्ष भगवान सिंह कुशवाहा, जिला महासचिव श्याम सुंदर गुप्ता एवं दीपक सिंह भी मौजूद रहे। इस अवसर पर उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का स्वागत भी किया, साथ ही वयोवृद्ध कार्यकर्ताओं से आशीर्वाद भी प्राप्त किया। यहां बता दें कि रामरूप महदोरिया करैरा विधानसभा से कांग्रेस की ओर से प्रबल दावेदारों में से एक हैं। वह न केवल जनता, बल्कि कांग्रेस संगठन के पदाधिकारियों के काफी नजदीक बने हुए हैं।








