शिक्षक नेता पिपलौदा ने प्रभारी मंत्री को शिक्षा विभाग की अव्यवस्थाओं से कराया था अवगत
शिवपुरी। शिवपुरी जिला शिक्षा अधिकारी शिवपुरी के रूप में काम कर रहे हरिओम चतुर्वेदी पिछले माह से मेडीकल लीव चले गए जिससे विभाग में कोई जिम्मेदार अधिकारी के न होने के कारण अराजकता का माहौल निर्मित हो रहा था। इसके अलावा शिक्षाकर्मियों को भी तमाम समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था जिन्हें सुनने वाला कोई नहीं था। इन्हीं सभी समस्याओं से जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर को मप्र कर्मचारी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राजेन्द्र पिपलौदा ने अवगत कराया। प्रभारी मंत्री ने मामले को गंभीरता से लिया जिसके परिणामस्वरूप गुरुवार को तबादला आदेश जारी हुआ है। जिसमें अजय कटियार को जिला शिक्षा अधिकारी की कमान सौंपी है। अभी तक कटियार श्योपुर में जिला शिक्षा अधिकारी का कार्यभार संभाले हुए थे। इससे पहले भी गुना जिले में जिला शिक्षा अधिकारी का प्रभार संभाल चुके हैं। जिला शिक्षा अधिकारी के रूप में उनका शिवपुरी तीसरा जिला होगा। यहां बता दें कि शिक्षक नेता राजेन्द्र पिपलौदा समय-समय पर शिक्षकों के हितों के लिए हमेशा उनके साथ खड़े नजर आते हैं। इस बार भी उन्होंने यही किया।
आपने कहा
शिक्षकों के एरियर के भुगतान लंबित हैं जिनकी शिकायत वह किससे करें क्योंकि जिला शिक्षा अधिकारी लंबे समय से छुट्टी पर थे, साथ ही विभाग में जिम्मेदारी अधिकारी के न होने के कारण अराजकता का माहौल निर्मित हो रहा था। अध्यापक संघ का जिलाध्यक्ष होने के नाते मैंने इस समस्या से प्रभारी मंत्री जी को अवगत कराया। मंत्री जी ने इसे गंभीरता से लिया इसके लिए मैं उनके प्रति आभार व्यक्त करता हूं।
राजेन्द्र पिपलौदा
जिलाध्यक्ष, मप्र कर्मचारी कांग्रेस







