शिवपुरी। जिले के मायापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रहने वाले रामसेवक परिहार पुत्र तोरन सिंह परिहार निवासी ग्राम गडोइया की दो पडिय़ाओं को विगत 2 अक्टूबर की रात्रि करीब 11.30 बजे कोई अज्ञात चोर घर से ही हांककर ले गया, लेकिन रामसेवक ने इसकी शिकायत पुलिस को न करते हुए अपने स्तर से खोजबीन की, लेकिन जब कोई सफलता हाथ नहीं लगी तो 13 अक्टूबर को पुलिस की शरण ली। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर से अज्ञात चोर के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर लिया।
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल व पिछोर एसडीओपी देवेन्द्र कुशवाह के निर्देशानुसार मायापुर थाना प्रभारी प्रवीण त्रिपाठी ने भैंसों की तलाश हेतु एसआई अंशुल गुप्ता के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्यवाही प्रारंभ कर दी। कड़ी मशक्कत के बाद आज सुबह पुलिस को सफलता हाथ लगी और चोरी गई उक्त पडिय़ाओं को अशोकनगर जिले के थाना कदवाया के ग्राम चांटोली में रामवीर सिंह गुर्जर पुत्र कूमन सिंह गुर्जर उम्र 24 वर्ष के घर से बरामद की। पूछताछ में आरोपी ने भैंसें चोरी करना स्वीकार किया लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। उक्त कार्यवाही में एसआई अंशुल गुप्ता, एएसआई सीबीएस भदौरिया, रामनिवास शर्मा, आरक्षक संजय जाट, सुरेन्द्र गुर्जर की सराहनीय भूमिका रही।







