एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना, प्रमुख मार्गों से गुजरकर दिया यातायात नियमों के पालन का संदेश
शिवपुरी। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में चलाए जा रहे हेलमेट एवं सीट बेल्ट जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को शिवपुरी पुलिस ने शहर में जागरूकता रैली निकाली। पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का उपयोग करने के लिए जागरूक किया।
रैली कोर्ट रोड, माधव चौक, ग्वालियर बायपास, झांसी तिराहा, गुरुद्वारा और राजेश्वरी रोड सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची। इस दौरान पुलिस ने नागरिकों को समझाइश देते हुए कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि दुर्घटना की स्थिति में जीवन की सुरक्षा के लिए जरूरी है।
अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई भी की जा रही है। शिवपुरी पुलिस ने बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 950 वाहन चालकों के चालान किए हैं, जबकि बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वाले 500 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति एवं सीएसपी सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में तथा यातायात थाना प्रभारी रणवीर सिंह यादव के नेतृत्व में निकाली गई रैली का उद्देश्य नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने पर चालानी कार्रवाई की जाएगी।









