निखिलेश माहेश्वरी ने संकेत ध्वज दिखाकर रैली को किया रवाना
शिवपुरी। विद्या भारती पूर्व छात्र परिषद, मध्यभारत प्रांत की योजना के अनुसार व्यसन मुक्ति पखवाड़ा के अंतर्गत सरस्वती विद्यापीठ आवासीय विद्यालय शिवपुरी के छात्रों ने व्यसन मुक्ति जनजागरण रैली निकाली। रैली का उद्देश्य समाज को व्यसन के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ एवं व्यसनमुक्त भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा।
रैली को विद्या भारती मध्यभारत प्रांत के प्रांतीय संगठन मंत्री निखिलेश माहेश्वरी ने संकेत ध्वज दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि व्यसन व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। युवावस्था जीवन निर्माण की अवस्था है, इसलिए विद्यार्थियों को स्वयं व्यसन से दूर रहते हुए दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यसनमुक्त भारत का निर्माण केवल सरकार या किसी एक संस्था के प्रयास से संभव नहीं है। इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है। विद्यार्थी अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, आर्थिक एवं सामाजिक नुकसान के प्रति जागरूक कर सकारात्मक बदलाव के वाहक बन सकते हैं। रैली में सरस्वती विद्यापीठ आवासीय विद्यालय की घोष इकाई ने घोषवादन किया। घोष की धुन के साथ निकली रैली में विद्यार्थियों ने व्यसन मुक्ति से संबंधित नारे लगाकर आमजन को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवन अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रबंधक पवन शर्मा ने किया। इस अवसर पर सरस्वती विद्या प्रतिष्ठान मध्यप्रदेश भोपाल के सचिव दिग्विजय सिंह चौहान, अध्यक्ष मोहनलाल गुप्ता, विभाग समन्वयक शिवपुरी विभाग राम कुमार व्यास, वरिष्ठ अधिवक्ता वीरेंद्र शर्मा, विद्यालय के सह-प्रबंधक जितेन्द्र परसाई, प्राचार्य लोकेंद्र सिंह मेवाड़ सहित आचार्य परिवार एवं बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।







