शिवपुरी। मुख्य शाखा भारतीय स्टेट बैंक शिवपुरी में सेवा प्रबंधक के पद पर कार्यरत आनंद राजे ने अपना जन्मदिवस समाज सेवा के साथ खास अंदाज में मनाकर एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने अपने जन्मदिन की शुरुआत श्रीमंत विजय राजे सिंधिया मेडिकल कॉलेज में रक्तदान करके की, ताकि जरूरतमंद मरीजों की मदद हो सके।
रक्तदान के बाद आनंद राजे अनुसूचित जाति एवं जनजाति छात्रावास पहुंचे, जहां उन्होंने छात्र-छात्राओं के लिए उपयोगी सामग्री वितरित की। इस अवसर पर विद्यार्थियों को कॉपी, पेन, खेल सामग्री, बैट-बॉल, शतरंज, टेबल टेनिस रैकेट सहित अन्य आवश्यक वस्तुएं दी गईं। इस अवसर पर आनंद राजे के साथ उनकी पत्नी सहित बच्चे भी मौजूद रहे और उन्होंने भी छात्रों के बीच सामग्री वितरण में सहयोग किया।
आनंद राजे ने कहा कि जन्मदिन केवल व्यक्तिगत खुशी का अवसर नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का भी अवसर होना चाहिए। गरीब और जरूरतमंद छात्रों की सहायता कर उन्हें पढ़ाई और खेल के लिए प्रोत्साहित करना ही उनका उद्देश्य है। छात्रावास के विद्यार्थियों ने इस पहल के लिए आनंद राजे का आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसी पहल से उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। इस तरह आनंद राजे ने अपना जन्मदिन जरूरतमंदों की मदद कर मानवीय संवेदनाओं और समाज सेवा का संदेश दिया।












