ज्ञान के साथ संस्कार और अनुशासन जरूरी – अमन सिंह राठौड़
सरस्वती विद्या पीठ आवासीय विद्यालय शिवपुरी में ‘शौर्य 2025’ शारीरिक प्रकटोत्सव का भव्य आयोजन
शिवपुरी। विद्या भारती मध्यभारत प्रांत के मार्गदर्शन में सरस्वती विद्या पीठ आवासीय विद्यालय, शिवपुरी में रविवार को ‘शौर्य 2025’ शारीरिक प्रकटोत्सव का भव्य, अनुशासित एवं प्रेरणादायी आयोजन संपन्न हुआ। भैया-बहनों द्वारा प्रस्तुत शारीरिक शिक्षण के विविध कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में दंड, योग, सूर्य नमस्कार, पिरामिड, एनसीसी परेड, घोषवादन एवं बैगपाइपर बैंड, रोप स्किपिंग, डंबल योग, ताली योग, एरोबिक्स योग, चाप योग, पर्यावरण गीत पर नृत्य, लोक परंपरा पर आधारित लोकगीत तथा सामूहिक व्यायाम का उत्कृष्ट समन्वयात्मक प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़, मुख्य वक्ता संगठन मंत्री निखिलेश महेश्वरी (विद्या भारती मध्यभारत प्रांत), अध्यक्षता माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल के उपाध्यक्ष श्रीनिवास राव तथा विद्यालय के प्राचार्य लोकेन्द्र सिंह मेवाड़ा मंचासीन रहे।
मुख्य वक्ता निखिलेश महेश्वरी ने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्या भारती का उद्देश्य संस्कारित शिक्षा प्रदान करना है। शारीरिक शिक्षा केवल व्यायाम नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण का सशक्त माध्यम है। इससे अनुशासन, आत्मविश्वास एवं राष्ट्रभक्ति का विकास होता है। उन्होंने शिक्षा के तीन सोपानों—कक्षा, मैदान और मंच—पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्या भारती के विद्यालय समग्र शिक्षा देकर राष्ट्र के लिए श्रेष्ठ नागरिकों का निर्माण कर रहे हैं।
मुख्य अतिथि अमन सिंह राठौड़ ने विद्यार्थियों के अनुशासित एवं साहसिक प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि ज्ञान के साथ संस्कारों का होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनने तथा बड़ों के सम्मान का संदेश दिया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में श्रीनिवास राव ने कहा कि शौर्य जैसे आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता एवं सामूहिक चेतना का विकास करते हैं। साथ ही उन्होंने जीवन में निरंतर सीखने की आदत बनाए रखने पर बल दिया।
विद्यालय के प्रचार संयोजक अरविंद सविता ने बताया कि कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधक पवन शर्मा, समिति अध्यक्ष कुंजबिहारी चतुर्वेदी एवं सचिव महेंद्र सिंह रघुवंशी द्वारा अतिथियों का शॉल, श्रीफल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया। प्राचार्य लोकेन्द्र सिंह मेवाड़ा ने अतिथियों का परिचय कराया, वहीं कुंजबिहारी चतुर्वेदी ने विद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के सुव्यवस्थित संचालन में सरस्वती शिशु मंदिर गणेश कॉलोनी की प्रधानाचार्या श्वेता श्रीवास्तव एवं अवनीश श्रीवास्तव का विशेष योगदान रहा। समापन अवसर पर सरस्वती विद्या प्रतिष्ठान मध्यप्रदेश भोपाल के सह-सचिव महेंद्र सिंह रघुवंशी ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर नगर के गणमान्य नागरिक, मातृशक्ति, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं विद्या भारती के पदाधिकारी, अभिभावकगण, पत्रकार, आचार्य-दीदी, पूर्व छात्र तथा भैया-बहनों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस प्रकार ‘शौर्य 2025’ शारीरिक प्रकटोत्सव एक प्रेरणादायी, अनुशासनपूर्ण एवं स्मरणीय आयोजन के रूप में संपन्न हुआ।









