-64 परीक्षा केन्द्रों पर 11 हजार 358 परीक्षार्थी हुए शामिल, उडऩदस्तों ने शहर से अंचल तक दी दस्तक, नहीं मिला कोई नकलची
शिवपुरी। स्कूली शिक्षा के महत्वपूर्ण पड़ाव माध्यमिक शिक्षा मण्डल की बोर्ड परीक्षाओं का आगाज मंगलवार से हो गया है। पहले दिन जिले में गठित 66 केन्द्रों में से 64 पर हायर सेकेण्डरी कक्षा के महत्वपूर्ण अंग्रेजी विषय का प्रश्रपत्र सुबह 9 से 12 बजे की पाली में आयोजित किया गया। केन्द्रों पर विशेष सुरक्षा के साथ-साथ प्रवेश से पहले परीक्षार्थियों की सघन सर्चिंग की गई। परीक्षार्थियों में भी परीक्षा का लेकर खासा उत्साह दिखा और अधिकांश केन्द्रों पर सुबह 8 बजे से ही परीक्षार्थियों का पहुंचना शुरू हो गया। हालांकि निर्धारित 8.30 बजे परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया। इस परीक्षा में नामांकित 11 हजार 557 में से 11 हजार 358 परीक्षा में शामिल हुए। प्रशासन सहित विभाग के उडऩदस्तों ने शहर से लेकर अंचल तक के केन्द्रों पर दस्तक दी। हालांकि किसी भी केंद्र पर कोई नकल प्रकरण दर्ज नहीं हुआ और परीक्षा शांतिपूर्ण रही।
डीईओ ने करैरा- पिछोर तो डीपीसी ने कोलारस के केन्द्र खंगाले
बोर्ड परीक्षा के पहले ही दिन जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव का उडऩदस्ता संवेदनशील केन्द्रों में शुमार उमावि अमोलपठा केन्द्र पर पहुंचा और यहां आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके अलावा डीईओ के दल ने करैरा के ही उमावि सिरसौद सहित भौंती के मावि व उमावि केन्द्र व पिछोर के उत्कृष्ट उमावि व कन्या उमावि केन्द्र का निरीक्षण किया। इधर जिला परियोजना समन्वयक दफेदार सिंह सिकरवार ने एपीसी अतरसिंह राजौरिया के साथ कोलारस के कन्या उमावि, संदीपनी उत्कृष्ट उमावि, सरस्वती ज्ञान मंदिर व मॉडल उमावि केन्द्र का निरीक्षण किया। जबकि जिला परीक्षा प्रभारी राजाबाबू आर्य की टीम ने पोहरी के संदीपनी उमावि, कन्या उमावि, गोंजालोगार्सिया केन्द्र सहित बैराड़ के उमावि, विजयानंद, सिद्धेश्वर व राइजिंग पब्लिक स्कूल केन्द्र का निरीक्षण किया। इधर शिवपुरी बीईओ मनोज निगम व कौशल गौतम की टीम ने शहर के विभिन्न केन्द्रों का निरीक्षण किया। विभागीय उडऩदस्तों के अलावा पोहरी एसडीएम, पिछोर एसडीएम सहित अन्य अनुविभागीय अधिकारियों ने भी अपने क्षेत्र के केन्द्रों का निरीक्षण किया। हालांकि पहले दिन किसी भी केन्द्र पर कोई नकल प्रकरण दर्ज नहीं हुआ है और परीक्षा शांतिपूर्ण रही।
199 परीक्षार्थी रहे गैरहाजिर
जिला परीक्षा प्रभारी राजाबाबू आर्य ने बताया कि 12 वी के अंग्रेजी के प्रश्रपत्र में जिलेभर में कुल 199 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। जिनमें सबसे ज्यादा 61 शिवपुरी विकासखण्ड के केन्द्रों पर अनुपस्थित रहे, वहीं करैरा में 42, पिछोर में 32, नरवर में 17, कोलारस में 16, पोहरी व खनियांधाना में 11-11 जबकि बदरवास में 9 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। इधर जिला मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम पर प्रभारी सुनील चौरसिया व भूपेन्द्र शर्मा की टीम ने जिले के सभी केन्द्रों से परीक्षा प्रारंभ होने से लेकर समाप्ति तक की जानकारी संकलित की और विभिन्न चरणों में उक्त जानकारियों को माध्यमिक शिक्षा मण्डल को प्रेषित किया गया।
इनका कहना है
मंगलवार को जिले के 64 केन्द्रों पर हायर सेकेण्डरी के अंग्रेजी विषय का प्रश्रपत्र आयोजित किया गया। विभिन्न निरीक्षण दलों ने केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। परीक्षा विधिवत और व्यवस्थित संचालित मिली। किसी भी केन्द्र पर कोई नकल प्रकरण दर्ज नहीं हुआ है।
विवेक श्रीवास्तव
जिला शिक्षा अधिकारी शिवपुरी











