शिवपुरी। शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने एवं ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने आज सघन कार्रवाई की। पटाखा फोडऩे वाले साइलेंसर लगे बुलेट वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाते हुए यातायात पुलिस ने 16 बुलेट वाहनों के साइलेंसर निकलवाकर जप्त किए।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देशानुसार यातायात थाना प्रभारी रणवीर सिंह यादव के नेतृत्व में की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रत्येक वाहन चालक पर 1000 का जुर्माना भी लगाया गया। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि तेज आवाज वाले साइलेंसर न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि आम नागरिकों, बुजुर्गों एवं मरीजों के लिए भी परेशानी का कारण बनते हैं। आगे भी इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। आमजन से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और वाहन में निर्धारित मानकों के अनुरूप ही साइलेंसर का उपयोग करें।







