निर्माण कार्यों में तेजी लाने एवं अपूर्ण आवासों को समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश
शिवपुरी। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवासों की प्रगति को सशक्त करने के उद्देश्य से जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजय राज ने बुधवार को जनपद पंचायत कोलारस एवं शिवपुरी क्षेत्र के ग्राम पंचायत गोराटीला के धर्मपुरा, बैरसिया, बूढ़ीबरोद, गढ़ीबरोद एवं मोहनगढ़ ग्रामों का दौरा कर स्थल निरीक्षण किया। सीईओ ने ग्राम धर्मपुरा में लाभार्थियों से चर्चा कर कार्य शीघ्र पूर्ण करने की समझाइश दी। यहां विमला आदिवासी के आवास की छत निर्माण प्रगतिरत पाई गई। ग्राम बैरसिया में हितग्राही संजय आदिवासी के आवास का निरीक्षण किया गया और तय समयावधि में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
ग्राम अर्जुनगंवा (मोहनगढ़) में बंद पड़े आवास कार्यों पर गहरी नाराजगी जताई गई और तत्काल कार्य पुन: प्रारंभ करने के निर्देश जारी किए। साथ ही मार्ग में खरंजा पाए जाने पर सीसी रोड निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने हेतु पंचायत एवं उपयंत्री को निर्देशित किया गया। निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत शिवपुरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ब्रम्हेन्द्र गुप्ता, एपीओ अमित श्रीवास्तव, बीसी आवास दीपक पाराशर, उपयंत्री मुकेश धाकड़, पंचायत सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक उपस्थित रहे।
आवास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
सीईओ श्री राज ने ग्राम बूढ़ीबरोद, गढ़ीबरोद और मोहनगढ़ में भी निर्माणाधीन आवासों की समीक्षा की। नया बलालपुर (बूढ़ीबरोद) में कार्य बंद होने पर सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक को प्रतिदिन प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बीसी आवास एवं उपयंत्री को प्रत्येक अपूर्ण आवास की कार्ययोजना बनाकर समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने, तथा कारीगरों की संख्या एवं सेंट्रिंग कार्य बढ़ाने पर बल दिया।
आंगनवाड़ी केंद्र का भी किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान ग्राम गढ़ीबरोद में आंगनवाड़ी केंद्र का भी जायजा लिया गया। बच्चों की अनुपस्थिति एवं संचालन में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कार्यकर्ता को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।








