रेंजर शुभी जैन ने विद्यार्थियों से किया संवाद, रैली, पेंटिंग प्रतियोगिता व सेमिनार का हुआ आयोजन
शिवपुरी। विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस एवं अंतरराष्ट्रीय टाइगर डे के अवसर पर दून पब्लिक स्कूल में पर्यावरण एवं वन्यजीव संरक्षण को समर्पित विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माधव नेशनल पार्क (टाइगर रिजर्व) की मध्य रेंज रेंजर शुभी जैन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। रेंजर शुभी जैन ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण संतुलन तथा जंगलों के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि "जंगलों में मानव हस्तक्षेप जितना कम होगा, प्रकृति उतनी ही समृद्ध होगी और स्वस्थ जंगल ही मानव जीवन की खुशहाली का आधार हैं।"
कार्यक्रम की शुरुआत में अखलाक खान ने आयोजन की रूपरेखा एवं उद्देश्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर विद्यार्थियों को माधव टाइगर रिजर्व एवं मानव-टाइगर सह-अस्तित्व विषय पर आधारित प्रेरक लघु फिल्म भी दिखाई गई।
ककरवाया गांव में निकाली जागरूकता रैली
बारिश के कारण शहर में प्रस्तावित रैली स्थगित करनी पड़ी, लेकिन मौसम साफ होने पर विद्यार्थियों ने निकटवर्ती ग्राम ककरवाया में जागरूकता रैली निकाली। स्लोगन लिखी तख्तियों के माध्यम से बच्चों ने ग्रामीणों को प्रकृति संरक्षण एवं बाघ बचाने का संदेश दिया।
पेंटिंग प्रतियोगिता में दिखी बच्चों की प्रतिभा
विद्यालय में "प्रकृति एवं टाइगर संरक्षण" विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में 60 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में नित्या गुप्ता (कक्षा-7) प्रथम, निर्गुण कौर (कक्षा-6) एवं मायरा राईन (कक्षा-8) द्वितीय तथा हमना जमाली एवं प्रभजोत (दोनों कक्षा-7) तृतीय स्थान पर रहे। विजेताओं को पुरस्कार तथा सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
संरक्षण संदेश वाला पोस्टर किया जारी
इस अवसर पर टाइगर एवं प्रकृति संरक्षण का संदेश देने वाले विशेष पोस्टर का भी विमोचन किया गया, जिसे विद्यार्थियों के माध्यम से शहर के घर-घर तक पहुंचाया जा रहा है।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के डायरेक्टर डॉ. खुशी खान एवं शाहिद खान ने मुख्य अतिथि रेंजर शुभी जैन का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया तथा माधव टाइगर रिजर्व प्रबंधन एवं वन विभाग के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।








