शिवपुरी। थाना कोलारस पुलिस ने चोरी गए वाहनों की बरामदगी हेतु की गई कार्रवाई में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की। पुलिस टीम ने 06 मोटरसाइकिलें जिनकी अनुमानित कीमत लगभग तीन लाख रुपये बताई गई है, बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। दिनांक 17 नवम्बर 2025 को शहर भ्रमण के दौरान जगतपुर चौराहे पर मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति लाल-काले रंग की डीएलएक्स मोटरसाइकिल को बेचने के उद्देश्य से फोर लेन के पास भडोता रोड पर खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की। रजिस्ट्रेशन मांगने पर आरोपी द्वारा घबराकर जवाब दिया गया कि वाहन का पंजीयन उसके पास नहीं है। संदेह होने पर पूछताछ करने पर उसने मोटरसाइकिल चोरी करने तथा नंबर प्लेट बदलने और वाहन का रंग बदलने की बात स्वीकार की। इंजन और चेसिस नंबर जांचने पर मोटरसाइकिल ब्रजमोहन ओझा के नाम पंजीकृत होना पाई गई, जो थाना कोलारस के अपराध क्रमांक 421/25 धारा 303(2) बीएनएस में चोरी होना पाया गया। मौके पर पंचान की उपस्थिति में वाहन जप्त किया गया। आरोपी ने कोलारस कस्बे एवं अन्य स्थानों से और भी वाहन चोरी करने की बात स्वीकारी तथा बताया कि कुछ मोटरसाइकिल के पार्ट्स अलग रखे हैं तथा कुछ वाहन किराये के मकान व दुकान बदरवास में छुपाए हुए हैं। पुलिस टीम द्वारा आरोपी राजेन्द्र कुमार ओझा पुत्र शिवचरण ओझा उम्र 37 वर्ष निवासी वार्ड नम्बर 13, जगजीवन राम कॉलोनी मधुवन रिसोर्ट के पास, बांरा राजस्थान, वर्तमान किराये का मकान साक्षी गार्डन के पास बदरवास से बरामदगी की कार्रवाई की गई। दुकान एवं किराए के मकान की तलाशी में निम्न सामग्री जप्त की गई—
06 चोरी की मोटरसाइकिलें
05 मोटरसाइकिल की टंकियां
04 सीट कवर
04 साइलेंसर
06 वाहन चेसिस
एक मोटरसाइकिल इंजन तथा अन्य पार्ट्स
मोटरसाइकिलों के चेसिस एवं इंजन नंबर एमपी ट्रांसपोर्ट की साइट से मिलान कर चोरी की पुष्टि की गई। कार्रवाई में इस्तगासा क्रमांक 00/25 धारा 303(2) बीएनएस, 106, 35(1)(ई) बीएनएसएस के तहत जप्ती की गई। कार्रवाई में विशेष योगदान निरीक्षक गब्बर सिंह गुर्जर (थाना प्रभारी कोलारस), उपनिरीक्षक कलस्तुत लकड़ा, सहायक उपनिरीक्षक अम्रत लाल भिलाला, प्रधान आरक्षक नरेश यादव, प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह, आरक्षक चालक रणवीर सिंह, आरक्षक शिववीर सेगर, आरक्षक राम सिंह एवं आरक्षक दीपक जाट थाना कोलारस का रहा।







