शिवपुरी। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देशन में जिलेभर में इनामी, फरारी, स्थायी तथा गिरफ्तारी वारंटियों की तामीली हेतु विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सुरवाया थाना पुलिस ने 19 वर्ष से फरार स्थायी वारंटी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीब मुले और एसडीओपी करैरा आयुष जाखड़ के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सुरवाया अरविन्द छारी के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस टीम ने माननीय उच्च न्यायालय खण्डपीठ ग्वालियर के सीआरआर क्रमांक 896/2011 तथा थाना सुरवाया के अपराध क्रमांक 36/2006 में वांछित स्थायी वारंटी बरजोर पुत्र भीकम सिंह ठाकुर (गौर) निवासी ग्राम मितलोनी थाना सुरवाया, जिला शिवपुरी, हाल निवासी नया अमोला नंबर 03, थाना अमोला, जिला शिवपुरी को गिरफ्तार किया है। वारंटी लगभग 19 वर्षों से फरार था। आरोपी को माननीय उच्च न्यायालय खण्डपीठ ग्वालियर में पेश किया जाएगा। इस कार्रवाई में थाना सुरवाया के पुलिसकर्मियों की प्रमुख भूमिका रही। इनमें उप निरीक्षक अरविन्द छारी, सहायक उप निरीक्षक विवेक भट्ट, प्रधान आरक्षक कमलकिशोर कबीर, प्रधान आरक्षक हर्ष झा, प्रधान आरक्षक केशव तिवारी, प्रधान आरक्षक मनीष सेन, आरक्षक चालक राजेन्द्र यादव और आरक्षक सहदेव तोमर शामिल रहे।







