शिवपुरी। आज मैं जो कुछ भी हूँ, वो मेरी माँ स्व. देवी श्रीमती रामकली चौधरी जी के आशीर्वाद से हूँ। उनके बिना मैं कुछ भी नहीं हूँ और चाहता हूँ कि दुनिया मुझे मेरी माँ के नाम से ही पहचाने। ये भावुक शब्द हैं जितेंद्र सिंह चौधरी के, जिन्हें भारतीय जनता पार्टी के झिरी मंडल में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
स्व. रामकली चौधरी भाजपा की एक कद्दावर नेता थीं, जिनका पोहरी विधानसभा में खासा प्रभाव था। वे पोहरी जनपद की अध्यक्ष रह चुकी थीं और जिला पंचायत सदस्य के रूप में भी उन्होंने अपनी सेवाएँ दी थीं। पोहरी विधानसभा चुनावों में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही, और वे हमेशा पार्टी के लिए समर्पित रहीं। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव की सहमति से झिरी मंडल अध्यक्ष विष्णु परिहार ने अपनी कार्यकारिणी का विस्तार किया। इस विस्तार में जितेंद्र सिंह रामकली चौधरी को मंडल उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। कार्यकारिणी के गठन के बाद पूर्व राज्य मंत्री सुरेश राठखेड़ा ने जितेंद्र चौधरी सहित अन्य पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया। इस अवसर पर सोनू चौधरी ने जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव, पूर्व मंत्री सुरेश राठखेड़ा, मंडल अध्यक्ष विष्णु परिहार सहित सभी वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह जिम्मेदारी संगठन के प्रति उनकी निष्ठा को और दृढ़ करेगी और वह इस पर हमेशा खरा उतरने का प्रयास करेंगे।