भाजपा के मंडल स्तर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रधानमंत्री के संबोधन का हुआ सीधा प्रसारण
शिवपुरी। भारतीय जनता पार्टी का 42वां स्थापना दिवस बुधवार को हर्षोल्लास से मनाया गया। जिले सहित मंडल स्तर पर ध्वजारोहण कर प्रभातफेरी निकाली गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेंद्र शर्मा ने सभी कार्यकर्ता व पदाधिकारियों को पार्टी के स्थापना दिवस की बधाई व शुभकामनाएं दीं।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी विकास दंडौतिया ने बताया प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा के निर्देशानुसार व भाजपा जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में बुधवार को शिवपुरी जिले सहित सभी मंडलों में पार्टी का स्थापना दिवस मनाया गया। सुबह नौ बजे माधव चौक से लेकर कम्युनिटी हॉल तक प्रभातफेरी निकाली गई। प्रभातफेरी में पार्टी कार्यकर्ता व पदाधिकारी वंदे मातरम..., भारत माता की जय..., भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद... आदि जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। कम्युनिटी हॉल में हुए कार्यक्रम में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेंद्र शर्मा, उपाध्यक्ष अशोक खंडेलवाल, जिला कोषाध्यक्ष दिलीप मुदगल, पूर्व नगर महामंत्री हरिओम राठौर बतासे वाले, मंत्री मुकेश चौहान, शिवपुरी नगर अध्यक्ष विपुल जैमिनी, पुरानी शिवपुरी मंडल अध्यक्ष केपी परमार, नगर महामंत्री गिर्राज शर्मा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा महामंत्री संजय कुशवाह, कार्यालय मंत्री अमित भार्गव, भाजयुमो जिलाध्यक्ष नवनीत सेन, आकाश राठौर, ने भारत माता, डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी व पं. दीनदयाल उपाध्याय व राजमाता विजयाराजे सिंधिया के चित्र का पूजन किया। प्रात: 10 बजे विशाल एलईडी स्क्रीन के माध्यम से राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण हुआ। कार्यक्रम में सभी कार्यकर्ता व पदाधिकारी पार्टी की टोपी लगाकर एवं दुपट्टा पहनकर शामिल हुए। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि हम सौभाग्यशाली है कि आज हम पार्टी का 42वां स्थापना दिवस मना रहे हैं। देशभक्ति व भाजपा एक दूसरे के पर्यायवाची शब्द है। भाजपा का कोई एजेंडा नहीं है भाजपा जो कहती है वह करती है। हम उस दल के कार्यकर्ता हैं जिसने आजादी व देश के लिए बलिदान दिया। हम उस पार्टी के कार्यकर्ता हैं जिसके लिए देश प्रथम है।








